सरगुजा
143 प्रभावित परिवारों के लिए दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां मांगीं
अंबिकापुर, 27 नवंबर। सरगुजा जिले की ग्राम पंचायत कटकोना में भूमि अधिग्रहण को लेकर ग्रामीणों और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के बीच विवाद गहराता जा रहा है। अधिग्रहण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने संबंधित दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग की है।
23 नवंबर को इस मामले में अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष दोनों पक्षों को सुनवाई के लिए बुलाया गया था। हालांकि आयोग के उपाध्यक्ष वेदराम मनहरे की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई आगे बढ़ा दी गई। आयोग की ओर से एसईसीएल को अगली सुनवाई में मामले से जुड़े सभी दस्तावेज और आवश्यक जानकारी लेकर उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता बलदेव प्रसाद भी प्रभावित 143 परिवारों में शामिल हैं। उन्होंने अपनी जमीन सहित अन्य प्रभावित परिवारों के अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए एसईसीएल के उपस्थित डिप्टी मैनेजर से अधिग्रहण प्रक्रिया से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी मांगी। ग्रामीणों का कहना है कि केवल राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित होने का हवाला देना पर्याप्त नहीं है। अधिग्रहण की प्रक्रिया में नियमानुसार अपनाई गई सभी औपचारिकताओं का रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
दस्तावेज मांगने पर व्यवहार को लेकर जताई नाराजगी
ग्रामीण पक्ष का आरोप है कि पिछली सुनवाई में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 23 नवंबर को दस्तावेज मांगने पर एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर ने कथित तौर पर जानकारी देने से इनकार कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, दोबारा जानकारी मांगने पर उन्होंने कथित रूप से कहा कि ‘ज्यादा राजनीति मत करो’ , इस टिप्पणी पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। बलदेव प्रसाद ने कहा कि जमीन और अधिकारों से जुड़े मामले में दस्तावेज मांगना राजनीति नहीं, बल्कि अपने अधिकारों और अधिग्रहण प्रक्रिया की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास है।
सामाजिक कार्यकर्ता दशोदी सिंह ने मांग की कि एसईसीएल यह स्पष्ट करे कि अधिग्रहण संबंधी अधिसूचना ग्राम पंचायत कटकोना को कब उपलब्ध कराई गई, इसकी जानकारी किस समाचार पत्र में और किस तारीख को प्रकाशित हुई तथा ग्राम सभा की कार्यवाही और भूमि स्वामियों को सूचना देने से संबंधित अभिलेख कहां हैं।
अगली सुनवाई में दस्तावेज पेश करने के निर्देश
ग्रामीणों ने अधिग्रहण संबंधी अधिसूचनाओं, समाचार पत्रों में प्रकाशन, ग्राम पंचायत को दी गई सूचना, ग्राम सभा की कार्यवाही, भूमि स्वामियों को जारी नोटिस सहित अन्य संबंधित अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीण पक्ष के अनुसार, आयोग ने स्श्वष्टरु को अगली सुनवाई में समस्त जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। आयोग सचिव ने उपाध्यक्ष वेदराम मनहरे से चर्चा के बाद अगली सुनवाई की तारीख की सूचना देने की बात कही है।
राज्यपाल को भी सौंपा आवेदन
कटकोना के ग्रामीणों ने भूमि अधिग्रहण और प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल को भी आवेदन सौंपा है। इसमें पूरे मामले की जांच कराने, संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है। बलदेव प्रसाद ने कहा कि वे स्वयं भी प्रभावित परिवारों में शामिल हैं। सभी 143 परिवारों को अधिग्रहण से संबंधित जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए तथ्यात्मक आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकें।
सुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच पुष्पा सिंह, विद्यासागर, उपसरपंच प्रतिनिधि राजकुमार, सरपंच प्रतिनिधि शुक्ला, पंच प्रतिनिधि रामचंद्र मरकाम, राम सिंह, रमेश रजवाड़े, पंच मुकेश पैकरा सहित अन्य ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि वे अपने संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।