सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 नवंबर। साइबर ठगी के मामलों में दूसरों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर अवैध रकम के लेन-देन यानी म्यूल अकाउंट संचालित करने वालों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया गया था। इन खातों के विरुद्ध तमिलनाडु, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में ऑनलाइन शिकायतें दर्ज मिली हैं।
पुलिस के अनुसार, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी और पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशों के आधार पर फर्जी मोबाइल नंबर जारी करने वाले पॉइंट ऑफ सेल्स तथा म्यूल अकाउंट धारकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर सेल से प्राप्त जानकारी के आधार पर कोतवाली थाने में दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
नौकरी की तलाश में खुलवाया बैंक खाता
पहले मामले में पुलिस ने लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के जराकेला तुतपारा बरगीडीह निवासी मनोहर लाल तिग्गा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2023 में अंबिकापुर में काम की तलाश के दौरान एक दोस्त के माध्यम से एमजी रोड स्थित स्मार्ट पॉइंट के ऊपर वर्चुअल फैशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के कार्यालय पहुंचा था। वहां फॉर्म भरने के साथ फोटो, आधार कार्ड, 12वीं की अंकसूची, पैन कार्ड और एचडीएफसी बैंक खाते की छायाप्रति जमा की थी। इसके लिए 200 रुपये शुल्क भी दिया था। पुलिस जांच में उसके बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने में होना पाया गया। आरोपी ने अधिक पैसे के लालच में अपना बैंक खाता उपलब्ध कराना स्वीकार किया।
पांच रुपये के नोट के बदले एक लाख का लालच
दूसरे मामले में पुलिस ने अंबिकापुर के लक्ष्मीपुर तेंदूपारा निवासी विकास लकड़ा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि जुलाई-अगस्त 2024 में फेसबुक पर पांच रुपये के ट्रैक्टर छाप नोट के बदले एक लाख रुपये मिलने का विज्ञापन देखा था। इसके बाद खुद को आरबीआई का अधिकारी बताने वाले अज्ञात व्यक्ति के झांसे में आ गया। उसके कहने पर अगस्त 2024 में पंजाब नेशनल बैंक और सितंबर 2024 में केनरा बैंक में खाते खुलवाए।
दोनों खातों में ठगों द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर दर्ज कराए गए और सत्यापन के नाम पर दोनों बैंकों के एटीएम कार्ड कूरियर से राजस्थान के भिवाड़ी स्थित पते पर भेज दिए। बाद में संपर्क बंद होने पर उसने अपने बैंक खातों में स्वयं का मोबाइल नंबर जुड़वाया। पुलिस ने दोनों बैंक खातों की पासबुक ई-साक्ष्य के रूप में जब्त की है।
दोनों मामलों में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।