सरगुजा

राजस्व रिकॉर्ड में कूटरचना कर करोड़ों की जमीन बेचने का आरोप, भू माफिया आजाद इराकी सहित 4 पर एफआईआर
26-Nov-2026 8:43 PM
राजस्व रिकॉर्ड में कूटरचना कर करोड़ों की जमीन बेचने का आरोप, भू माफिया आजाद इराकी सहित 4 पर एफआईआर

भाजपा नेता आलोक दुबे ने पहले आईजी से की थी शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 नवंबर। सरगुजा जिले के दरिमा तहसील अंतर्गत ग्राम दरिमा में राजस्व अभिलेखों में कथित कूटरचना कर शासकीय रिकॉर्ड में करोड़ों की जमीन का फर्जी तरीके से नाम दर्ज कराने और इसके बाद उसका विक्रय करने का मामला सामने आया है। मामले में दरिमा पुलिस ने तत्कालीन पटवारी सहित जमीन के विक्रेता और दो खरीदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोप है कि राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर 2.202 हेक्टेयर भूमि को एक व्यक्ति के नाम दर्ज कराया गया और बाद में रजिस्ट्री के माध्यम से दो अन्य व्यक्तियों को बेच दिया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम दरिमा स्थित खसरा नंबर 1322/2, रकबा 2.202 हेक्टेयर भूमि के राजस्व अभिलेखों में कथित रूप से कूटरचना की गई थी। तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा पर आरोप है कि उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर उक्त भूमि को बलीराम के नाम पर दर्ज कर दिया। इसके बाद 11 सितंबर 2023 को पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से इस भूमि का विक्रय आजाद ईराकी निवासी जयनगर और रामाशंकर सिंह निवासी विश्रामपुर, जिला सूरजपुर के पक्ष में किया गया।

मामले की शिकायत वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षद आलोक दुबे ने पूर्व में सरगुजा रेंज के आईजी से की थी। शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ी और भूमि के विक्रय से संबंधित अनियमितताएं सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की गई।

कलेक्टर सरगुजा के कार्यालयीन पत्र के परिपालन में प्रभारी तहसीलदार दरिमा की ओर से थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन में बलीराम, आजाद ईराकी, रामाशंकर सिंह और तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई थी। वर्तमान में अनिरुद्ध कुमार पैकरा की पदस्थापना तहसील सीतापुर में बताई गई है।

प्रशासन की ओर से संबंधित विक्रय पत्र को निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित की गई है। साथ ही कलेक्टर ने मामले में एफआईआर दर्ज कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट