सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलपति द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में निहित मूल आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर प्रभारी कुलसचिव प्रवीण अग्रवाल एवं सहायक कुलसचिव टेमन लाल देवांगन सहित विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थितजनों ने भारतीय संविधान की सर्वोच्चता, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक कर्तव्यों तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
विश्वविद्यालय परिवार ने संविधान दिवस के इस अवसर पर संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने तथा उनके अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।