सरगुजा
समापन समारोह में सीएम होंगे शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 26 नवम्बर। संभाग स्तरीय सरगुजा ओलम्पिक 2026 का आयोजन 27 से 29 नवम्बर तक किया जाएगा। तीन दिवसीय इस खेल आयोजन में संभाग के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन का शुभारंभ समारोह 27 नवम्बर को पीजी कॉलेज मैदान में होगा। आयोजन के समापन समारोह में 29 नवम्बर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करेंगे तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेंगे।
सरगुजा ओलम्पिक के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर अजीत वसंत ने जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में बुधवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउण्ड, गांधी स्टेडियम, राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय में किया जाएगा। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि आयोजन में खिलाडिय़ों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
सरगुजा ओलंपिक में कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, कुश्ती, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, एथलिटिक्स समेत 11 खेल विधाओं में प्रतियोगिता आयोजित होंगी। प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु व्यायाम शिक्षकों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। खेल प्रतियोगिता में विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया जाएगा।
संभाग स्तरीय सरगुजा ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता 2026 में कुल 2552 खिलाड़ी तथा कोच एवं मैनेजर शामिल होंगे। जिसमें 1176 महिला एवं 1328 पुरूष खिलाड़ी तथा शेष कोच एवं मैनेजर शामिल होंगे। यह प्रतियोगिता दो आयु वर्गों 17 वर्ष से कम एवं 17 वर्ष से अधिक वर्ष में होगी। जिलेवार देखा जाए तो प्रतियोगिता में सरगुजा जिले से कुल 467 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिसमें 201 महिला एवं 218 पुरूष हैं, इसमें से 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में बालक 105 एवं बालिका 103 तथा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पुरूष 113 एवं महिला 98 हैं।
जशपुर जिले से कुल 477 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिसमें 242 महिला एवं 235 पुरूष हैं, इसमें से 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में बालक 106 एवं बालिका 100 तथा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पुरूष 109 एवं महिला 120 हैं।
सूरजपुर जिले से कुल 414 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिसमें महिला 191 एवं पुरूष 223 हैं, इसमें से 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में बालक 96 एवं बालिका 82 तथा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पुरूष 95 एवं महिला 93 खिलाड़ी शामिल हैं।
इसी प्रकार कोरिया जिले से कुल 378 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिसमें महिला 173 एवं पुरूष 205 हैं। इसमें से 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में बालक 77 एवं बालिका 73 तथा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पुरूष 102 एवं महिला 90 हैं।
बलरामपुर जिले से कुल 455 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिसमें 218 महिला एवं 237 पुरूष हैं, इसमें से 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में बालक 109 एवं बालिका 102 तथा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पुरूष 104 एवं महिला 92 हैं।
वहीं एम.सी.बी. जिले से कुल 361 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिसमें महिला 151 एवं पुरूष 210 हैं, इसमें से 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में बालक 91 एवं बालिका 72 हैं तथा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में पुरूष 95 एवं महिला 55 खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाडिय़ों के साथ कोच एवं मैनेजर भी शामिल रहेंगे।