सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,10 फरवरी। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन में साइबर सेल, थाना कोतवाली एवं थाना गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लाइसेंसी बंदूक लूट के आरोपी को कांसाबेल (जिला जशपुर) से गिरफ्तार कर लूटी गई बंदूक बरामद कर ली है। पुलिस द्वारा आपराधिक मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक अमोद कुमार एक्का, निवासी ग्राम टेडापहाड़ पोस्ट कस्तुरा थाना दुलदुला जिला जशपुर, वर्तमान निवासी प्रतापपुर नाका अंबिकापुर, द्वारा थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उसने बताया कि वह पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा अंबिकापुर में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत है।
8 फरवरी को दोपहर लगभग एक बजे वह अपने पुराने किराये के मकान नवापारा से नए किराये के कमरे में सामान शिफ्ट कर रहा था। ऑटो में जगह नहीं होने के कारण वह अपनी डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक कंधे में टांगकर पैदल प्रतापपुर नाका की ओर जा रहा था। इसी दौरान नवापारा कुम्हारपारा ढलान के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे बाइक पर बैठाकर छोडऩे का झांसा दिया और मौका पाकर उसकी बंदूक लूटकर फरार हो गया। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साइबर सेल, कोतवाली एवं गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी एवं स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपी का पता लगाकर उसे कसाबेल जिला जशपुर से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जयपाल लकड़ा निवासी महादेवडांड बीसबहरी थाना बगीचा जिला जशपुर, वर्तमान पता गोधनपुर थाना गांधीनगर बताया और बंदूक लूट की घटना स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से लूटी गई बंदूक बरामद कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।


