सरगुजा

सीसी रोड निर्माण का महापौर ने किया भूमिपूजन
10-Feb-2026 11:09 PM
सीसी रोड निर्माण का महापौर ने किया भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 10 फरवरी। शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड क्रमांक 23 अंतर्गत रिंग रोड से महादेव गली पहुंच मार्ग में सीसी रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ मंगलवार को महापौर मंजूषा भगत द्वारा भूमिपूजन कर किया गया। इस मार्ग के निर्माण से महादेव नगर क्षेत्र के निवासियों को वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

महादेव नगर क्षेत्र घनी आबादी वाला मोहल्ला है, जहां आवागमन के लिए केवल दो संकरी गलियां थीं। इन संकरी गलियों के कारण भारी वाहनों, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के प्रवेश में लोगों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। यह सडक़ निजी भूमि (स्व. भीखम त्रिपाठी परिवार की भूमि) पर प्रस्तावित थी, जिसे वार्ड पार्षद एवं महापौर परिषद सदस्य तथा मोहल्लेवासियों के विशेष प्रयास से त्रिपाठी परिवार ने जनहित में दान करने पर सहमति दी। इसके पश्चात पार्षद द्वारा सडक़ निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कराई गई।

इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार के तहत विकास कार्यों को गति मिली है और जनता ने जिस विश्वास से जननादेश दिया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद शहर में चारों ओर विकास कार्य दिखाई देने लगे हैं तथा पिछले दस वर्षों में जितनी राशि नहीं मिली, उससे अधिक राशि केवल 11 माह में राज्य सरकार द्वारा शहर के विकास के लिए उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि पार्षद की सक्रियता से इस कार्य के अलावा दो करोड़ रुपये से अधिक के अन्य विकास कार्यों की भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

वार्ड पार्षद जितेंद्र सोनी ने कहा कि यह सडक़ वार्ड के सबसे बड़े मोहल्ले को महादेव नगर से चौड़े मार्ग के माध्यम से जोड़ेगी, जिससे लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।

उन्होंने भूमि दान करने के लिए त्रिपाठी परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस मार्ग का नाम ‘स्व. भीखम चंद मार्ग’ रखा जाएगा, जिसकी स्वीकृति सामान्य सभा में हो चुकी है। उन्होंने महापौर, विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार जताते हुए बताया कि वार्ड विकास के लिए दो नाला, दो बीटी रोड, दो सीसी सडक़ सहित ढाई करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।

कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य मनीष सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता डी.के. पुरिया, पूर्व पार्षद उर्मिला सोनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं वार्डवासी उपस्थित रहे। मौके पर ईई राजेश राम, एसडीओ दुष्यंत बजाज, इंजीनियर प्रेम दुबे, सुपरवाइजर राजेश जायसवाल, ठेकेदार एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति थी।


अन्य पोस्ट