सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 10 फरवरी। एसईसीएल अमेरा खदान से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में महिला, पुरुष और बच्चे खदान में घुसकर खुलेआम कोयला चोरी करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि रोजाना सैकड़ों ग्रामीण खदान में प्रवेश कर कोयला निकाल रहे हैं, जिससे सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।
जानकारी के अनुसार कोयला चोरी रोकने पर खदान कर्मियों के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं। चोरी किया गया कोयला मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों के माध्यम से ईंट भट्टों में सप्लाई किया जा रहा है, वहीं बड़ी मात्रा में कोयला ग्रामीणों द्वारा घरों में भी संग्रहित किया जा रहा है।
आरोप है कि प्रतिदिन 100 टन से अधिक कोयले की चोरी हो रही है, लेकिन एसईसीएल प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इस संबंध में विश्रामपुर एसईसीएल के महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह ने बताया कि ग्रामीण जबरन खदान में घुसकर कोयला चोरी कर रहे हैं और रोकने पर सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट करते हैं। उन्होंने बताया कि कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के लिए सरगुजा पुलिस अधीक्षक से चर्चा की गई है और स्थानीय पुलिस की मदद ली जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चोरी का कोयला ईंट भट्टों तक पहुंचाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी पुलिस द्वारा कोयला चोरी के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन चोरी पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लग पाया है। मामले को लेकर प्रशासनिक सक्रियता की आवश्यकता जताई जा रही है।


