सरगुजा
15 मिनट में दानपेटी साफ कर फरार, पास के पान ठेले में भी वारदात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 फरवरी। अंबिकापुर के अत्यंत संवेदनशील कलेक्टोरेट परिसर में स्थित हनुमान मंदिर की दानपेटी से बुधवार रात चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर परिसर में घुसकर चोरी करते तीन नकाबपोश युवक सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। घटना की रिपोर्ट मंदिर के पुजारी द्वारा कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने मंदिर के बाहर स्थापित दानपेटी के पास लगे ग्रेनाइट पत्थर को हटाकर स्क्रू खोलते हुए भीतर हाथ डालकर नगदी निकाल ली। पूरी वारदात महज 15 मिनट में अंजाम दी गई, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। आज सुबह मंदिर खुलने पर पुजारी दिनेश तिवारी को चोरी की जानकारी हुई।
मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि तीन नकाबपोश युवक तडक़े लगभग 4 बजे मंदिर परिसर में प्रवेश करते हैं और दानपेटी से रकम निकालकर मौके से भाग जाते हैं। दानपेटी से कितनी राशि चोरी हुई है, इसका सटीक आंकलन नहीं हो सका है।
बताया गया कि कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित इस हनुमान मंदिर का निर्माण पूर्व कलेक्टर विलास भोस्कर के कार्यकाल में कराया गया था। मंदिर संचालन के लिए समिति गठित है, जिसकी दानपेटी प्रत्येक माह खोली जाती है। समिति के कोषाध्यक्ष गिरीश गुप्ता द्वारा इसकी देखरेख की जाती है। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व ही दानपेटी खोली गई थी, इस कारण उसमें लगभग तीन से चार हजार रुपये होने का अनुमान जताया जा रहा है।
गौरतलब है कि कलेक्ट्रेट परिसर, जहां कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के कार्यालय संचालित हैं, वहां सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर न तो स्थायी गार्ड तैनात हैं और न ही निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था है। इसी का लाभ उठाकर चोर आसानी से परिसर में घुसने में सफल रहे।
मंदिर परिसर में चोरी से पहले तीनों नकाबपोशों ने सिविल कोर्ट के पीछे संचालित एक पान ठेले में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को आशंका है कि आरोपी नशे के आदी हो सकते हैं। पुलिस द्वारा फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


