सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 5 फरवरी। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु पशु चिकित्सालय लखनपुर में विभागीय सूचकांक गौवंशीय पशुओं में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग टीकाकरण संतृप्ति के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम कलेक्टर अजीत वसंत एवं जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचयात लखनपुर प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में तथा उपसंचालक पशुधन विकास विभाग जिला-सरगुजा डॉ. आर. पी. शुक्ला के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पशु चिकित्सक डॉ. सफदर अली खान द्वारा विभागीय टीकाकर्ता टीम को खुरपका-मुंहपका रोग नियंत्रण कार्य योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पशु बधियाकरण, पशु उपचार एवं जागरूकता कार्यक्रमों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी रूप से संचालित करने हेतु दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।इस अवसर पर एबीपी फेलो शुभिता शुक्ला द्वारा एफएमडी टीकाकरण को शत-प्रतिशत संतृप्ति तक पहुँचाने हेतु सभी उपस्थित कर्मियों को शपथ दिलाई गई।
उपसंचालक डॉ. आर. पी. शुक्ला ने बताया कि आने वाले दिनों में विकासखंड लखनपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पशु टीकाकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाएंगे, जिससे सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य प्राप्त किया जा सकेगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पशुधन विकास विभाग लखनपुर के समस्त शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी, पीएआईडब्ल्यू, पशु सखी तथा स्थानीय बेरोजगार युवक उपस्थित रहे।


