सरगुजा
लूट की रकम 56 हजार रुपये होल्ड, तीन मोबाइल जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,5 फरवरी। मछली व्यवसायी से लूटपाट के मामले में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के बैंक खातों में जमा लूट की रकम 56 हजार रुपये को होल्ड कराया गया है, वहीं घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक अरुप दास, निवासी पश्चिम बंगाल ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मछली व्यवसाय के सिलसिले में कोलकाता से अंबिकापुर आया था और मानस होटल में ठहरा हुआ था। स्थानीय मछली विक्रेताओं से संपर्क के दौरान 3 फरवरी को वह मौलवी बांध तालाब की ओर मछली देखने जा रहा था।
इसी दौरान एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल में सवार चार युवकों ने उसे और उसके साथी को रोककर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने दोनों को अलग-अलग वाहनों में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले जाकर नगद 35 हजार रुपये, मोबाइल और पर्स लूट लिए। इसके बाद एक कमरे में ले जाकर मारपीट की गई और दो लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई।
डराने-धमकाने के दौरान आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से कुल 1 लाख 1 हजार रुपये की लूट की और सुबह दोनों को छोड़ दिया। इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 71/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों अलताब खान जरहाडीह, थाना लुंड्रा, शरद चौधरी दर्रीपारा, थाना मणिपुर, अंबिकापुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।


