सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 फरवरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, अंबिकापुर नगर द्वारा टेक्नो वैली इंस्टीट्यूट के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिषद ने संस्थान पर शिक्षा के व्यापारीकरण तथा विद्यार्थियों के साथ छलावा करने के आरोप लगाए।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री रोनी मिश्रा ने बताया कि टेक्नो वैली इंस्टीट्यूट द्वारा सरगुजा अंचल के छात्रों को लगातार गुमराह किया जा रहा है। संस्थान प्रवेश के समय छात्रों को बाहर से मान्य डिग्री दिलाने का आश्वासन देता है, किंतु बाद में उन्हें किसी फर्जी अथवा अमान्य यूनिवर्सिटी से डिग्री प्रदान की जाती है। यह कृत्य विशेष रूप से पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में लंबे समय से चला आ रहा है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद सभी निजी पैरामेडिकल संस्थानों को आगाह करती है कि वे इस प्रकार की फर्जीवाड़े वाली गतिविधियों को तत्काल बंद करें, अन्यथा विद्यार्थी परिषद को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा और अगला नंबर उनका होगा।
नागास मंत्री मयंक शुक्ला ने बताया -विद्यार्थी परिषद के आंदोलन के दबाव में आकर टेक्नो वैली इंस्टीट्यूट के संचालक ने अपनी गलती स्वीकार की तथा लिखित रूप में यह आश्वासन दिया कि छात्रों को जिस यूनिवर्सिटी से डिग्री देने का वादा किया गया था, उसी यूनिवर्सिटी से डिग्री प्रदान की जाएगी।


