सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 24 अक्टूबर। सूर्य की उपासना का महापर्व छठ आज नहाय खाय के साथ शुरू हो जायगा। इसके साथ ही अब व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के घर में पूरे चार दिन महोत्सव की तरह माहौल रहेगा। घरों में सात्विक भोजन ही बनेगा। नगर के प्रमुख छठ घाटों में तैयारी भी लगभग पूरी हो गई है। मां महामाया छठ सेवा समिति ने शंकर घाट में तैयारी पूरी कर ली है।
समिति के अध्यक्ष विजय सोनी ने बताया कि पूरे घाट को गोबर से लिपाई कराई गई है। आकर्षक ढंग से घाट को सजाया गया है। उधर शहर से आठ किलोमीटर दूर घुनघुट्टा नदी तट पर श्याम घुनघुट्टा छठ सेवा समिति ने तैयारी को लगभग अंतिम रूप दे दिया है। घाटों में तैयारी के साथ घर-घर पकवान भी बन रहे हैं। बाजार में पूजन सामग्रियों की खरीदारी भी तेज हो गई है।
आज बाजार में पूजन सामग्री की खरीदारी करने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे जिससे बाजार में लोगों की काफी भीड़ रही। इधर शहर के सभी छठ घाट की साफ-सफाई विभिन्न समितियों द्वारा की जा रही है। इस साल छठ घाट को इस तरह से सजाया जा रहा है कि छठ घाट रंगों में रंगा नजर आएगा।
दीपावली के छह दिन बाद मनाया जाने वाला सूर्योपासना का महापर्व छठ इस साल भी जिले भर में श्रद्धा व भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। मूलत: पूर्वी भारत के इस पवित्र पर्व ने छत्तीसगढ़ व सरगुजा जिले में भी व्यापक रूप ले लिया है। यहां प्रतिवर्ष छठ करने वाले भक्तों की संख्या में वृद्धि हो रही है। इस साल शहर के सभी छठ घाट में टेंट पंडाल लगाने के साथ ही रंग पुताई, लाइटिंग, साफ सफाई एवं द्वार बनाने का काम चल रहा है। आज छठ का महापर्व नहाय खाय के साथ शुरू हो गया। 26 अक्टूबर को घाट बंधान व खीर भोजन का कार्यक्रम होगा। 27 अक्टूबर की शाम व्रती महिलाएं व पुरुष अस्ताचल सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे व 28 अक्टूबर को उदीयमान सूर्य को अघ्र्य एवं हवन पूजन के साथ छठ पर्व का समापन होगा। छठ महापर्व को लेकर आज बड़ी संख्या में लोग पूजन सामग्री की खरीदारी करने बाजार पहुंचे। इधर इस साल शहर के मौलवी बांध, मैरीन ड्राइव, दीवान तालाब, करसु तालाब, शिवधारी तालाब सहित अन्य छठ घाट तालाबों पर भी तैयारियां लगभग पूरी हो गई है।
पैलेस छठ घाट की तैयारियां पूर्ण
शहर के बीच स्थित मौलवी बांध तालाब के एक किनारे को समतल कर पैलस छठ घाट का निर्माण किया गया है। लगभग 5 सौ फीट जगह को समतल करने के पश्चात श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखकर समिति के पदाधिकारी समेत सदस्यों ने पिछले एक सप्ताह से घाट को व्यवस्थित बनाने में जुटे हुए है जो पूर्ण हो गया है।
समिति द्वारा घाट को आकर्षक बनाने पूरे क्षेत्र में लाइट, झालर से सजाया जा रहा है। इसके अलावा समिति द्वारा आपात कालीन स्थिति के लिए मेडिकल टीम की भी व्यवस्था की है। मौलवी बांध तालाब पैसल छठ घाट में शहर के केदारपुर, देवीगंज रोड, नेहरू वार्ड, सत्तीपारा, शीतला वार्ड, मंगल पाण्डेय वार्ड, नमनाकला सहित आसपास क्षेत्र के सैकड़ो परिवार तीन दिवसीय छठ पूजा विधि-विधान से संपन्न करेंगे।


