सरगुजा
कांग्रेसियों ने भगत सिंह को किया याद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 सितंबर। शहीद भगत सिंह की 118वीं जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर चर्चा की गई।
इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा -भगत सिंह का पूरा परिवार देश की स्वतंत्रता के लिए चल रहे आंदोलन से जुड़ा हुआ था। जिस दिन सरदार भगत सिंह का जन्म हुआ था उसी दिन आंदोलन के कारण जेल में बंद उनके पिता सरदार किशन सिंह और सरदार अजीत सिंह की रिहाई हुई थी। मात्र 13 वर्ष की आयु में भगत सिंह क्रांतिकारी आंदोलन से जुड़ गए थे और 23 वर्ष की अल्पायु में फाँसी के फंदे को चूमते हुए शहीद हो गये।
उन्होंने कहा कि आज की परिस्थितियों में नौजवान पीढ़ी को भगत सिंह को अवश्य पढऩा चाहिए। भगत सिंह ने नौजवानों को बढ़ते पाखंडवाद, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहते हुए वैज्ञानिक शिक्षा अपनाने की सलाह दी थी। आज कमोबेश ऐसी परिस्थितियों को देश मे थोपा जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्री जे पी श्रीवास्तव ने कहा कि भगत सिंह जो कि क्रांति के प्रतीक हैं ने ब्रिटिश शासन को भगाने के लिये एक क्रांति की थी, आज फिर एक क्रांति की आवश्यकता है। देश के संविधान के साथ खिलवाड़ हो रहा है, चुनाव जीतने के लिये संवैधानिक संस्थाओं को बंधक बना लिया गया है, धर्म और जाति के नाम पर देश को खंड खंड में बांट दिया गया है। इसे सुधारने के लिए एक नये क्रांति की आवश्यकता है।
निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि शहीदे आजम भगत सिंह के विचार समाज में आर्थिक और सामाजिक बराबरी की स्थापना के रहे हैं। मौजूदा सरकार एक प्रतीक के रूप में उनको अपनाने का दिखावा तो करती है लेकिन उनके विचारों के उलट काम कर रही है।
आज देश मे 80 करोड़ लोग सरकारी राशन के भरोसे जीवन व्यतीत कर रहे हैं वहीं यह सरकार देश के सभी संसाधनों को अपने मित्र पूंजीपतियों को सौंपती जा रही है। हमारी धार्मिक आस्था का केंद्र रामगढ पर्वत और हसदेव के जंगल इसके प्रत्यक्ष प्रमाण हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा ने उन्हें क्रांति का देवता बतलाते हुआ कहा कि राष्ट्र के प्रति जो जज्बा भगत सिंह में थी, बेहद कम उम्र में समाज को लेकर उनके जो क्रांतिकारी विचार थे वो उनके व्यक्तित्व को दैवीय रूप प्रदान करते हैं। सभा का संचालन सेवादल के जिलाध्यक्ष लोकेश पासवान ने किया जबकि आभार प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अम्बिकापुर के अध्यक्ष श्री हेमंत सिन्हा ने किया।
इस दौरान मो इस्लाम, रामविनय सिंह, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, अनिल सिंह, अतुल तिवारी, श्रीमती जेनेबिब कुजूर, लुकस एक्का, अनूप मेहता, जमील खान, नरेंद्र विश्वकर्मा, अमित तिवारी राजा, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, निकी खान सोहन जायसवाल, जीवन यादव, प्रमोद चौधरी,सचिन जायसवाल, अमितेज सिंह, रूबी जैन, अली सोहेल, विनोद कुमार सिंह, विजय बेक, अमित मिंज, बालकेश्वर तिर्की, नूतन एक्का, जमशेर खान, वीरेंद्र सिन्हा आदि मौजूद थे।


