सरगुजा

भाजपा विधिक प्रकोष्ठ की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 अप्रैल। संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में भाजपा विधिक प्रकोष्ठ की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विधिक प्रकोष्ठ के महत्व, संगठनात्मक सुदृढ़ता एवं जनहित में उसकी भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि अधिवक्ताओं ने इस देश के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया है। उनके नेतृत्व और समर्पण ने भाजपा को एक नई ऊँचाई दी है। विधिक प्रकोष्ठ जितना संगठित और सशक्त होगा, पार्टी की कार्य कुशलता उतनी ही अधिक बढ़ेगी। अधिवक्ता समाज को दिशा देने वाले स्तंभ हैं, जो विधि और न्याय के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि विधिक प्रकोष्ठ न केवल कानूनी मामलों में मार्गदर्शन देने वाला अंग है, बल्कि यह संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का भी सशक्त माध्यम है। अधिवक्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस अवसर पर अधिवक्ता एवं भाजपा नेता अभिषेक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनहित में निरंतर नए कानून ला रही है। इन कानूनों की सरल और सटीक जानकारी जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी विधिक प्रकोष्ठ की है। प्रकोष्ठ का कार्य केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि विधि का ज्ञान जनमानस तक पहुंचाना इसका निरंतर कर्तव्य है।
बैठक का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा नेता अशोक दुबे ने किया तथा आभार प्रदर्शन अधिवक्ता जन्मेजय पांडे द्वारा किया गया।
इस बैठक में आशा तिवारी, श्याम लाल गुप्ता, अरविंद कन्नौजिया, शैलेन्द्र सिंह, धनंजय मिश्रा, शिवशंकर सिंह, अमरेंद्र गुप्ता, राजेश पुरिया, रेखा सोनी, आशा जायसवाल, उषा अग्रवाल, सुरेंद्र पांडे, संदीप तिवारी, मनोज महंत, आर पी महंत, छोटेलाल यादव, दिनेश प्रसाद, कुंदेश्वर कश्यप, प्रशांत राय, सूर्य नारायण सिंह, कमल नयन गुप्ता, विनोद सिंह, बीरेंद्र विश्वकर्मा, विवेक पांडे, प्रकाश मणि त्रिपाठी सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।