सरगुजा

युवक की हत्या, लाश को घसीटते कुएं में फेंका
21-Feb-2025 10:23 PM
युवक की हत्या, लाश को घसीटते कुएं में फेंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 21 फरवरी। शुक्रवार की तडक़े अंबिकापुर नगर से लगे ग्राम परसा में एक युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी द्वारा लाश को घसीटते हुए पास ही कुएं में फेंक दिया गया। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुटी हुई थी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम परसा निवासी मुन्ना राम चेरवा उम्र लगभग 38 वर्ष बीती रात घर में सोया था। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे वह आहट सुनकर बाहर निकला। घरवालों ने बाहर विवाद होने की आवाज सुनी। जब काफी देर तक मुन्ना राम वापस नहीं लौटा तो परिजन बाहर निकले। परिजनों को घर के बाहर खून फैला हुआ मिला तो वे दहशत में आ गए। आसपास तलाश करने पर मुन्ना राम कुएं में पड़ा हुआ दिखा। परिजनों ने उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 युवक का सब्जी काटने वाले चाकू से गला काटा गया है। चाकू पास पड़ा मिला। घटनास्थल पर लाश को घसीटने के निशान मिले हैं। आरोपियों की संख्या एक से ज्यादा भी हो सकती है। शव को पोस्टमॉर्टम शुक्रवार को कराया जाएगा। मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर रही है।

पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मृतक मुन्नाराम अंबिकापुर में किसी दुकान में काम करता था। उसका जमीन को लेकर विवाद गांव में ही कुछ लोगों से चल रहा था। पुलिस जमीन विवाद के साथ ही अन्य विवाद को लेकर पूछताछ कर रही है।

मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची है। घटनास्थल पर सब्जी काटने वाला नया चाकू मिला है और खून काफी मात्रा में फैला हुआ है। घर के बाहर से लेकर कुएं तक घसीटने और खून के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया है। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट