सरगुजा

लिव इन में गर्भवती प्रेमिका की हत्या, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
31-Jan-2025 9:44 PM
लिव इन में गर्भवती प्रेमिका की हत्या, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 31 जनवरी। जिले के में लिव इन रिलेशन में रह रहे एक युवक ने अपनी 8 महीने की गर्भवती प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। दोनों के बीच एक साल से प्रेम संबंध था। युवती के प्रेग्नेंट हो जाने पर एक महीने पहले ही दोनों ने शिवमंदिर में शादी की और कोर्ट में एग्रीमेंट किया।

प्रेमी को शक था कि युवती का किसी और के साथ संबंध है और बच्चा भी किसी और का है। इसी शक की वजह से उसने प्रेमिका की हत्या कर दी। मामला ग्राम जयपुर का है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम अनिल सिंह यादव है। इस हत्याकांड के सिलसिले में इससे पूछताछ जारी है।

जानकारी के मुताबिक, दरिमा थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम जयपुर निवासी अनिला सिंह (22) 8 माह की गर्भवती थी। मंगलवार शाम करीब 8 बजे किसी का फोन आने पर वह घर से गांव में जाना बताकर निकली थी। रात 10 बजे तक वह नहीं लौटी तो परिजनों ने उसे फोन किया। अनिला सिंह ने बताया कि वह कुछ देर में आ रही है। वह काफी देर तक नहीं लौटी और दूसरे दिन उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में मिला था।

सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि दरिमा पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों के बीच अफेयर था एवं दोनों लिव इन रिलेशन में रह रहे थे। उसने ही फोन कर अनिला को घर से बाहर बुलाया था। खेत में दोनों ने साथ बैठकर बात की। विवाद होने पर अनिल सिंह ने गला दबाकर अनिला सिंह की हत्या कर दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनिला सिंह की हत्या गला दबाकर किए जाने की पुष्टि हुई है। अनिला के फोन पर प्रेमी अनिल सिंह ने भी कॉल किया था, जिसके बाद बहन का कॉल आया था।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि विवाद के बाद अनिल सिंह अपने घर सेमरिया चला गया था। घटना वाले दिन अनिल वापस जयपुर पहुंचा। अनिला सिंह ने जब प्रेमी के साथ उसके गांव जाने की जिद की तो अनिल सिंह यह कहते हुए साथ ले जाने को तैयार नहीं हुआ कि बच्चा उसका नहीं है।

इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और अनिल सिंह ने अनिला सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी और भाग निकला।

एक माह पूर्व किया

था प्रेम विवाह

अनिला सिंह का प्रेम संबंध उम्र में छोटे अनिल गोंड़ (19) से था। अनिल सिंह सूरजपुर जिले के प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम सेमरिया का निवासी है। दोनों लिव इन रिलेशन में साथ रह रहे थे। इसी बीच अनिला प्रेग्नेंट हो गई। अनिला के प्रेग्नेंट हो जाने पर दोनों ने 15 दिसंबर 2024 को सकलपुर के शिवमंदिर में प्रेम विवाह कर लिया। अंबिकापुर कोर्ट में 19 दिसंबर 2024 को दोनों ने शपथ पत्र बनवाया था। दोनों अनिला के घर जयपुर में रह रहे थे।

साथ जाने की जिद पर हुई हत्या

अनिला और अनिल सिंह ने प्रेम विवाह जरूर किया था, लेकिन उसे शक था कि अनिला का प्रेम संबंध किसी अन्य युवक से है। अनिला प्रेग्नेंट हुई तो उसके बच्चे को भी अनिल दूसरे का बच्चा बताता था। विवाद होने पर अनिला सिंह ने दरिमा थाने में शिकायत की थी। थाने में दोनों के बीच समझौता कराया गया था।


अन्य पोस्ट