सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 6 जनवरी। अभाविप की छात्र राजनीति से राजनीति पारी की शुरुआत करने वाले भाजपा नेता भारत सिंह सिसोदिया को सरगुजा भाजपा का जिला अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा जिला संगठन चुनाव प्रभारी गुरुपाल सिंह भल्ला व चुनाव पर्यवेक्षक नरेश नंदे ने नवनिर्वाचित भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया को निर्वाचन प्रमाणपत्र सौंपा।
भारत सिंह सिसोदिया के नए जिला अध्यक्ष की घोषणा के साथ ही उनके समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया, ढोल-नगाड़े के साथ भाजपा कार्यालय में जमकर आतिशबाजी हुई और मिठाइयां बांटी गई। भारत सिंह सिसोदिया ने सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी का अभिवादन किया और उनका आभार जाताया।
अभाविप, भाजयुमो सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाने के साथ अब उन्हें भाजपा सरगुजा का मुखिया बनाया गया है। इस बड़ी जिम्मेदारी से सरगुजा बीजेपी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि पार्टी ने मुझ पर विश्वास करके मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है,मैं पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के इस भरोसे को पूरा करूंगा और संगठन को मजबूत और सशक्त बनाऊंगा।
सिसोदिया का राजनीतिक सफर
नव निर्वाचित भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया 1990 से 1994 तक अभाविप के अध्यक्ष रहे, इसके साथ वह मेंबर ऑफ स्टेट वर्किंग कमेटी में भी रहे। आरएसएस में 1998 से 2004 तक प्राथमिक वर्ष में रहे। इसके अलावा वह भाजपा के मंडल अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष व प्रदेश कार्य समिति के सदस्य भी रहे। इसके पश्चात वह भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री बने। वह सरस्वती शिशु मंदिर अंबिकापुर के डायरेक्टर एवं आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के भी डायरेक्टर रहे।
श्री सिसोदिया भाजपा के ऊर्जावान और जुझारू कार्यकर्ता के रूप में अपनी लगातार पहचान बनाए हुए थे और अपने कार्य कुशलता और क्षमता के कारण पार्टी ने उन पर विश्वास करते हुए उन्हें भाजपा सरगुजा जिला अध्यक्ष की कमान सौंपी है।