सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,19 दिसंबर। गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा जारी बयान में आरोप लगाते हुए बताया गया कि सरगुजा के जिला पंचायत सभागार में आयोजित रेडक्रॉस सोसाइटी के चुनाव के दौरान शर्मनाक दृश्य देखने को मिला। भाजपा के बौखलाए पदाधिकारियों ने आज रेडक्रॉस के चुनाव को उस दौरान बाधित कर दिया, जब नियम सम्मत हो रहे चुनाव को वे लोग रोकने पहुँचे जो स्वयं खुद रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य तक नहीं हैं।
भाजपा के चंद कार्यकर्ता और पदाधिकारी खुलेआम चुनाव प्रक्रिया को बाधित किया और रिटर्निंग ऑफिसर पर जबरदस्त दबाव डालकर चुनाव को निरस्त करवाया। न सिर्फ पीठासीन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी से धक्का मुक्की हुई बल्कि जमकर नारेबाजी कर चुनाव को बाधित किया गया।
कांग्रेस का आरोप है कि यह पूरा घटनाक्रम दिखाता है कि सरगुजा का जिला प्रशासन सत्तासीन बीजेपी के आगे घुटने टेक चुका है। प्रशासन पूरी तरह से बीजेपी के दबाव में दिखी। बीजेपी के पदाधिकारियों ने न सिर्फ चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की, बल्कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी और अभद्र व्यवहार भी किया।
कांग्रेस के जारी विज्ञप्ति में उल्लेख किया गया है कि सरगुजा रेडक्रॉस सोसायटी का चुनाव नवम्बर महीने में होना था। 3 नवम्बर को अधिसूचना जारी की गई थी, तब वोटर लिस्ट का प्रकाशन और दावा-आपत्ति बजी हुआ था। इसके बाद भाजपा समर्थित लोगों ने रायपुर राज्य कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराते हुए चुनाव की तिथि बढ़ाने और नये सदस्यों को बनाने का समय मांगा। फिर से नई अधिसूचना निकाल कर 16 दिसंबर तक नये सदस्य बनाये गये और 17 दिसंबर को पुन: दूसरी बार वोटर लिस्ट जारी कर 19 दिसंबर को वोटिंग हेतु 12 बजे जिला पंचायत में चुनाव तय किया गया। किंतु नियमसम्मत हो रहा यह चुनाव जिला प्रशासन के फेलियर के कारण स्थगित करना पड़ा। ऐसा आरोप रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरपर्सन आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने आरोप लगाया है।
आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने आरोप लगाते हुए कहा कि 17 दिसंबर को जारी वोटर लिस्ट में कुछ 757 सदस्य थे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस समर्थित व वर्तमान चेयरपर्सन आदित्येश्वर शरण सिंह देव के समर्थित लगभग 500 से ऊपर सदस्य लखनपुर, उडय़पुर, अम्बिकापुर ग्रामीण व शहर, लुंड्रा, मैनपाट, बतौली व सीतापुर से वोटिंग हेतु पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वोटरों की इसी भीड़ को देखते हुए भाजपा बौखला गई और मात्र 20-25 की संख्या में पहुंचे भाजपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए चुनाव को बाधित कर दिया।
आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने कहा कि जिला प्रशासन की यह फेलियर लोकतंत्र और निष्पक्षता पर एक सीधा सा हमला है। पूरे जिले से पहुंचे रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों को सिर्फ इसलिए वापस होना पड़ा। क्यों कि भाजपा को लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है।
जिला प्रशासन की मंशा पर सवाल
रेडक्रॉस सोसायटी, सरगुजा के मौजूदा चेयरमैन श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने रेडक्रॉस जैसी सामाजिक संस्था के चुनाव को राजनीति का अखाड़ा बनने देने को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर जब वे रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक में पहुंचे तो बैठक की लिए तय जिला पंचायत का हॉल खुला ही नहीं था। कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। विलंब से जब करवाई प्रारंभ हुई उस समय पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद भाजपा के उन लोगों को हॉल में प्रवेश करने दिया गया जो कि रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य भी नहीं थे। हॉल में प्रवेश कर इन भाजपाइयों ने जमकर उत्पात मचाया। इन्होंने न केवल दस्तावेजों को फाड़ा, साथ ही साथ अधिकारियों के साथ भी झूम-झटकी की। प्रशासन और पुलिस भाजपाइयों के उत्पात को मूक दर्शक बनकर देखते रहे और रेडक्रॉस सोसायटी जैसी सामाजिक संस्था का चुनाव राजनीति का अखाड़ा बन गया।
जिला प्रशासन का पुतला फूंका
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर पर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा किये गये टिप्पणी को लेकर आहत कांग्रेस के द्वारा आज अम्बिकापुर के घड़ी चौक पर गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका गया। साथ ही रेडक्रॉस सोसायटी सरगुजा के चुनाव में जबरन भाजपा द्वारा बाधा उत्पन्न करने एवं प्रशासन की फेलियर को लेकर जिला प्रशासन का भी पुतला कांग्रेसीयों ने फूंका। इस दौरान काफी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी अम्बिकापुर के घड़ी चौक पर एकत्रित हुए और जम कर जिला प्रशासन तथा गृहमंत्री के विरूद्ध नारेबाजी करते हुए दिखे। कांग्रेसियों को पुतला दहन से रोकने के लिये काफी संख्या में पुलिस बल भी तैनात थी, किन्तु पुलिस से बचते हुए कांग्रेसी नेताओं ने अलग-अलग दो पुतले फूंक दिये। इस दौरान पुलिस के साथ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की धक्का मुक्की भी हुई किन्तु कांग्रेसी पुतला दहन करने में सफल हुए।
मीडिया से बात करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा का लोकतंत्र पर से भरोसा उठ गया है और वे अर्नगल न सिर्फ प्रलाप कर रहे हैं बल्कि गृहमंत्री अमित शाह के रास्ते पर चल कर भाजपा जनमत का विरोध करने पर अमादा है जिसका ताजा उदाहरण आज सरगुजा जिला पंचायत के सभाकक्ष में देखने को मिला। यह जिला प्रशासन का फेलियर है।