सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 नवंबर। ख्रीस्त राजा पर्व का भव्य आयोजन संत जेवियर परिसर नवापारा अम्बिकापुर परिसर में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। अम्बिकापुर के नवापारा स्थित बेदाग ईश माता महागिरजा, संत इग्नासियुस चर्च नमना तथा संत अन्तोनी चर्च सरगवां के मसीही समाज के लोग शोभायात्रा में शामिल हुए।
अम्बिकापुर के नवापारा स्थित महागिरजाघर में ख्रीस्त राजा पर्व 2024 प्रार्थनापूर्ण तरीके से प्रात: 7 बजे से प्रारंभ हुआ। यात्रा बेदाग ईश माता महागिरजा से प्रारंभ होकर कर्ताराम चौक, गाँधी चौक, घड़ी चौक, संगम चौक, महामाया चौक से गुजरते हुए गुरूद्वारा तथा गुदड़ी बाजार चौक, जोड़ा पीपल, आकाश वाणी चौक से होकर उसुलाइन के सामने से गुजरते हुए संत जेवियर उ. मा. वि. अम्बिकापुर मैदान तक सम्पन्न हुई। शोभा यात्रा में पवित्र संस्कार के साथ यात्रा के दौरान मसीही जन खीस्त राजा की जय-जयकार करते हुए भजन गाते शांतिपूर्ण तरीके से यात्रा में भाग लिए।
यात्रा के पश्चात् समारोही मिस्सा बलिदान चढ़ाया गया, जिसमें मुख्य अनुष्ठाता महामहिम अन्तोनिस बड़ा, डी. डी. धर्माध्यक्ष अम्बिकापुर तथा नवापारा, नमना और सरगवां के पुरोहितगण, धर्मबहनों सहित बड़ी संख्या में मसीही जन शामिल हुए।
बिशप डॉ. अन्तोनिस बड़ा जी ने अपने प्रवचन में ख्रीस्त राजा के राज्य के मूल्यों की ओर विश्वासी जनों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि यीशु हमारे साथ हैं। हमें घबराने ही जरूरत नहीं। हम अपने राजा ख्रीस्त को अपने दिलों में परिवार में और समाज में जगह दें, उनका आदर करें। जीवन की चुनौतियों में ख्रीस्त राजा ही हमारा सहारा हैं। ख्रीस्त का राज्य प्रेम, शांति, आपसी भाईचारा व सहयोग तथा न्याय का राज्य है। उनका न्याय हमारे नियम के अनुसार नहीं बल्कि कृपा और दया के भाव से होता है। याद रखें कि हम हथियारों से नहीं बल्कि शॉति, प्रेम, भाईचारे और सौहार्द से बुराई के खिलाफ संघर्ष करते हैं।
ख्रीस्त राजा पर्व के कार्यक्रम की सफलता में कई समितियों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। पूजन विधि में संगीत संचालन फा. अनुरंजन तिग्गा, फा. जॉन जायसवाल, फा. मुक्ति कुमार लकड़ा, फा. माईकेल के साथ नवापारा चर्च के युवा संघ सदस्यगण तथा माता-पिता शामिल थे। फा. कल्यानुस मिंज ने उद्घोषक की भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम कर सफल संचालन किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से फा. जार्ज ग्रे कुजूर पल्ली पुरोहित नवापारा चर्च, फा. एल्फिज, पल्ली पुराहित संत इग्नासियुस चर्च नमना, फा. सतीश कच्छप, पल्ली पुरोहित संत अन्तोनी चर्च सरगवां, फा. अमृतलाल टोप्पो, रेक्टर संत जेवियर परिसर, फा. सुशील तिग्गा, प्राचार्य संत जेवियर बी. एड. कॉलेज, सि. डायना, सि. ममता, सि. व्याटिस उपस्थित थे।


