सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 21 नवंबर। बीती रात लखनपुर विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम अरगोती में किसान के खलिहान में रखे धान खरही में आग लग गई। देखते ही देखते 20 क्विंटल धान, 4 ट्रैक्टर पैरा और 2 पेड़ जलकर खाक हो गए। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। किसान ने स्थानीय लोगों की मदद से बोर से पाइप जोडक़र किसी तरह आग काबू पाया और खलिहान से 3 खरही धान को हटाया गया।
जानकारी के मुताबिक किसान कृष्ण प्रसाद साहू पिता ईश्वर साहू ग्राम अरगोती अपने खेत से धान की कटाई कर मिसाई हेतु धान को 4 अलग-अलग खरही बना कर रखा था तथा कुछ धान की मिसाई भी कर लिया था। बुधवार की रात लगभग 11.30 बजे खलिहान में धान खरही में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में 20 क्विंटल धान,4 ट्रैक्टर पैरा, दो पेड़ चपेट में आ गए और जलकर राख हो गए। जिससे किसान को हजारों रुपए की क्षति हुई है।
किसान के पुत्र अजय साहू ने शंका जाहिर करते हुए बताया कि द्वेषपूर्ण भावना से अज्ञात लोगों द्वारा धान खरही में आग लगाई है।
फिलहाल गुरुवार की सुबह लगभग 11.30 बजे पुलिस चौकी पहुंच घटना के संबंध में जानकारी दी गई। दोषियों पर कार्रवाई करते हुए क्षतिपूर्ति की मांग की जा रही है।


