सरगुजा

ईद मिलादुन्नबी पर डीजे व एकल उपयोग वाली प्लास्टिक प्रतिबंधित-दानिश
14-Sep-2024 8:21 PM
ईद मिलादुन्नबी पर डीजे व एकल उपयोग वाली प्लास्टिक प्रतिबंधित-दानिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 14 सितंबर। सोमवार को पैगम्बर हजऱत मुहम्मद साहब का जन्मदिन (यौमे पैदाइश) ईद मिलादुन्नबी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए अम्बिकापुर शहर के 12 मस्जिदों की कमेटी के सदर ने सीरतुन्नबी कमेटी मोमिनपुरा के माध्यम से मनाने का निर्णय लिया गया है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सीरतुन्नबी कमेटी के संरक्षक शफी अहमद के नेतृत्व में  2024 के अध्यक्ष ( सदर) के रूप में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दानिश रफीक को चुना गया।

अध्यक्ष दानिश रफीक ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर डीजे धुमाल एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए एकल उपयोग वाली प्लास्टिक वस्तुओं को पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर भव्य जुलूस का भी आयोजन किया जाएगा जो सुबह 8.30 बजे श्रीगढ़-नवागढ़ सद्भावना चौक से प्रारंभ होगा। इसके पश्चात जूलुस मौमिनपुरा चौक, रसूलपुर चौक, बरेजपारा, जयस्तंभ चौक अजय किताब घर दुकान से सदर रोड़, कादंबनी चौक, महामाया चौक, संगम चौक, देवीगज रोड़, घड़ी चौक होते जूलुस कला केंद्र मैदान में आम जलसा में तब्दील हो जाएगा।

श्री रफीक ने बताया कि जलसा में 12 मस्जिदों के इमाम पैगम्बर मुहम्मद साहब के उपदेश पर प्रकाश डालेंगे। इसके साथ ही जलसा में अन्य धर्मों के प्रमुख भी उपस्थित रहेंगे। कमेटी के अध्यक्ष श्री रफीक ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिक्षा, खेल गतिविधियों सहित समाजिक गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

 प्रेस वार्ता के दौरान मो. इस्लाम कादरी,रशीद अंसारी,. रशीद पेंटर सहित अन्य मौजूद थे।


अन्य पोस्ट