सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 13 जुलाई। स्व. राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव की 91वीं जयंती पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने राजीव भवन में सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनि श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राजमाता की तस्वीर पर माल्यार्पण भी किया गया।
राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव का जन्म 1933 में शिमला में हुआ था। राजीव भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए औषधीय पादप बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि राजमाता ने सरगुजा के निवासियों की सहायता को कभी भी दलीय नजरिये से नहीं देखा। उनकी नजर में सहायता मांगने वाला व्यक्ति सरगुजावासी होना चाहिये था। इसी नजरिये को ध्यान में रखकर वे कार्य करती थी। जिस दौर में वे मध्यप्रदेश मंत्रीमंडल में मंत्री थी, उस दौर में अविभाजित सरगुजा में सर्वाधिक पुल पुलियों का निर्माण हुआ था। सरगुजावासियों की सहायता और सरगुजा को लेकर उनमें समग्र दृष्टि थी।
इस दौरान राजीव भवन में वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी हुआ। इससे पूर्व प्रतीक्षा बस स्टैण्ड चौक पर राजमाता एवं स्व. महाराज एमएस सिंहदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया गया।
इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, शफी अहमद, द्वितेन्द्र मिश्रा, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, मदन जायसवाल, अनिल सिंह, हरभजन सिंह भामरा, गुरुप्रीत सिद्धू, मो. कलीम अंसारी, गीता रजक, नुजहत फातिमा, विवेक सिंह, अमित सिंह, निक्की खान, नितिश चौरसिया, फैसल सिद्धकी, रोशन कन्नौजिया, बालकेश्वर ठाकुर, राजू विश्राम आदि मौजूद थे।
राजमाता की 91वीं जयंती पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बंधियाचुआ प्राथमिक शाला में हो रहे वृक्षारोपण के लिये एक आम का पौधा अपने भतीजे जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव को मां के नाम एक पौधे के संदेश के साथ पौधारोपण करने के लिये दिया। उन्होंने स्वयं भी अपने निज निवास तपस्या में पौधारोपण किया।
बंधियाचॅुंआ प्राथमिक शाला में आज आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने स्कूल के बच्चों, स्थानीय निवासियों और कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ वृक्षारोपण किया। इसके पूर्व उन्होंने राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव चिकित्सा महाविद्यालय, अम्बिकापुर में राजमाता की तस्वीर पर माल्यार्पण कर महाविद्यालय परिसर में नारियल का पौधा भी लगाया।


