सरगुजा

कांग्रेस ने निगम प्रशासन पर बंद कमरे में सील-मोहर लगाकर परिसीमन की स्वीकृति देने का लगाया आरोप
12-Jul-2024 10:23 PM
कांग्रेस ने निगम प्रशासन पर बंद कमरे में सील-मोहर लगाकर परिसीमन की स्वीकृति देने का लगाया आरोप

48 वार्डों के विसंगतिपूर्ण परिसीमन और प्रभावित होने वाले नागरिकों की समस्याओं परचर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 12 जुलाई। अगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों एवं वार्डो के परिसीमन को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आज राजीव भवन, अम्बिकापुर में आयोजित हुई। इस बैठक में मुख्यत: अम्बिकापुर नगर निगम के 48 वार्डो के विसंगतीपूर्ण परिसीमन और इससे प्रभावित होने वाले नागरिकों की समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में यह तथ्य सामने आया कि पूरे छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक विसंगतिपूर्ण परिसीमन अम्बिकापुर में सामने आया है।

    नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के सभापति अजय अग्रवाल ने निगम प्रशाासन पर सत्तारुढ़ दल के साथ मिली भगत करके वार्डो के परीसीमन का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शहर के किसी भी नागरिक ने निगम के किसी भी सर्वेक्षक के द्वारा वार्डों का सर्वे करते या पंचनामा बनाते नहीं देखा है। लगता है कि सत्ताधारी दल के कार्यालय से परिसीमन को लेकर जो प्रस्ताव आया है उसे निगम प्रशासन ने बंद कमरे में सील-मोहर लगाकर स्वीकृति दे दी है।

उन्होंने निगम प्रशासन पर यह भी आरोप लगाया कि ऐसा करते हुए उन्होंने दिमाग का भी उपयोग नहीं किया। अम्बिकापुर शहर के आबादी के अनुसार वार्डों की आबादी 2610 लोगों की होनी चाहिये। किंतु वार्डो की सीमाओं के बदलने के बावजूद, वार्डो में क्षेत्रों के जुडऩे और हटने के बावजूद आबादी के कालम को याथावत रखा गया जो आश्चर्यजनक है।

बैठक को संबोधित करते हुए निगम एमआईसी के सदस्य शफी अहमद ने कहा कि परिसीमन से नहीं बल्कि परीसीमन के कारण शहर के नागरिकों के लिये उत्पन्न होने वाली समस्याओं को लेकर हैरान परेशान हैं। परिसीमन से प्रभावित नागरिकों के पते में अब वार्ड का नंबर बदल जायेगा, जिससे उन्हें प्रशासनिक कार्यकलाप में दिक्कत होगी।

पासपोर्ट धारकों को तो पता बदलवाने में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। परिसीमन से प्रभावित लोगों को अब नये मतदान केन्द्रों में मतदान हेतु जाना पडेगा। कुलमिलाकर भाजपा अम्बिकापुर शहर में अपने जीत की संभावनाओं के प्रयास में शहरवासियों को समस्याओं में ढकेल रही है।

बैठक को संबोधित करते हुए निगम एमआईसी के सदस्य द्वितेन्द्र मिश्रा ने कहा कि नया परिसीमन अनोखा है। इस परीसीमन में तो कलेक्टर सरगुजा के निवास का क्षेत्र और निगम का निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन किसी वार्ड का ही हिस्सा नहीं है।

उन्होंने कहा कि इस विसंतगतिपूर्ण परीसीमन से नागरिकों को होने वाली असुविधा से बचाने के लिये कांग्रेस माननीय उच्च न्यायालय तक जाएगी।

बैठक को औषधीय पादप बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, मो. इस्लाम, दुर्गेश गुप्ता, सीमा सोनी, विकल झा  ने भी संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस के पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद थे।

15 जुलाई को जिला कांग्रेस कमेटी 48 वार्डों की सामूहिक आपत्ति सौंपेगी-

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने बैठक को संबोधित करते हुए जानकारी दी कि जिला कांग्रेस कमेटी 15 जुलाई को निगम क्षेत्र के सभी 48 वार्डों के विसंगतिपूर्ण परिसीमन को लेकर एकमुश्त आपत्ती कलेक्टर को सौंपेगी। बैठक में शामिल कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं से यह कहा गया है कि वे 13 जुलाई तक अपनी आपत्तियों का आवेदन जिला कांग्रेस कमेटी के पास जमा करें। जिला कांग्रेस कमेटी इनका संकलन करके 15 जुलाई को कलेक्टर को सौंपेगी। इसके लिये राजीव भवन से कलेक्टरेट तक कार्यकर्ता सामूहिक रुप से जायेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस एकमुश्त आपत्ती के अतिरिक्त पार्षदगण एवं कार्यकर्ता व्यक्तिगत रुप से भी आपत्ती सौपने के लिये स्वतंत्र रहेंगे।

वार्ड समितियों का गठन कर शीघ्र प्रारंभ होगी निगम चुनाव की तैयारी-

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के द्वारा दिये गये संदेश की जानकारी दी कि कांग्रेस बहुत जल्द वार्ड समितियों का गठन करेगी। ये वार्ड समितियां वार्डों में उपयुक्त उम्मीदवारों का सुझाव देंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ निगम चुनाव लडऩे वाली है।  विसंगतिपूर्ण वार्ड परिसीमन करकर भाजपा इस चुनाव को जीतने का प्रयास कर रही है, लेकिन हम उन्हें बडे अंतर से हराएंगे।


अन्य पोस्ट