सरगुजा

यातायात नियमों का उल्लंघन 67 वाहन चालकों पर जुर्माना
10-Jun-2024 9:17 PM
यातायात नियमों का उल्लंघन 67 वाहन चालकों पर जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 10 जून। यातायात के नियमों की अवहेलना करने पर 67 वाहन चालकों से 66100 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।

कल राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में रात 9 से 1 बजे तक जिला मुख्यालय अम्बिकापुर के 5 प्रमुख चौक-चौराहों सहित जिले के समस्त थाना/चौकी में 16 पॉइंट में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी कर्मचारी तैनात कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। देर रात संयुक्त पुलिस टीम शहर के सद्भावना चौक, भारत माता चौक, न्यू बस स्टैंड, अम्बेडकर चौक, बिलासपुर चौक पर तैनात की गई थी।

जिले में पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों की सघनता से जांच की गई। वाहन चालकों को ब्रेथ एनालाइजर से चेक करने पर थाना गांधीनगर अंतर्गत 01 प्रकरण, थाना मणीपुर अंतर्गत 02 प्रकरण, थाना लखनपुर अंतर्गत 01 प्रकरण, चौकी रघुनाथपुर अंतर्गत 03 प्रकरण, थाना सीतापुर अंतर्गत 02 प्रकरण दर्ज किया गया।

चेकिंग के दौरान 9 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़े गए, पुलिस टीम द्वारा मामलों में अनावेदको के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल के तहत प्रकरण न्यायालय पेश किया गया। अभियान के तहत यातायात के नियमों की अवहेलना करने पर कुल 67 वाहन चालकों से 66100 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात के नियमों का पालन कर वाहन चलाने के निर्देश दिए गए, वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाये जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई किये जाने की चेतावनी दी गई।


अन्य पोस्ट