सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 जून। मैनपाट यूथ की टीम सन्डे सफाई अभियान के तहत मैनपाट के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहुँच कर स्वच्छता अभियान चलाया।
यूथ की टीम सुबह सुबह ही जलजली पहुँच कर यहां फैले कचरे को एकत्रित किया। यहां पर भी पर्याप्त मात्रा में शराब की बोतलें व प्लास्टिक के कचरे मिलें। जिन्हें एकत्रित करने के पश्चात सेरिग्रेशन सेंटर कमलेश्वरपुर में डाला।
स्वच्छता अभियान के दौरान स्थानीय दुकानदारों व पर्यटकों को कचरा न फैलाने हेतु समझाईश दी गई। साथ ही उन्हें जलजली पर्यटन स्थल के मूल स्वरूप से किसी भी तरह से छेडख़ानी करने से मना किया गया।
स्थानीय घुड़सवारों को समझाईश दी गई कि घोड़ों को लेकर स्पंजी क्षेत्र में न जाये। गौरतलब है कि जलजली का कुछ हिस्सा दब सा गया है, साथ ही पानी का रिसाव भी हो रहा है।
यूथ की टीम ने इस दौरान जलजली स्थित नदी की भी साफ सफाई की गई। मैनपाट यूथ टीम के कौशलेंद्र यादव ने स्थानीय दुकान दारों से अपील करते हुए कहा कि सभी दुकानदार अपने दुकानों के सामने डस्टबिन अवश्य लगाएं। कचरों को इधर - उधर न फेंके। पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता के लिए सभी जागरूक होना पड़ेगा । मैनपाट हम सबका है यहां कि खूबसूरती बनाये रखने में सभी अपना पूरा योगदान दें। यूथ टीम के ही सुनील साहू ने पर्यटकों से अपील किया कि मैनपाट को अपना ही घर समझे और कचरों को निर्धारित स्थल में ही डालें। सबके छोटे से योगदान से स्वस्थ , स्वच्छ व सुंदर मैनपाट बनेगा।
स्वच्छता अभियान में कमलेश सिंह , मुकेश यादव , नरसिंह यादव,कौशलेंद्र यादव , दीपांशु गुप्ता, विशाल सिंह, मनीष पोर्ते, संतोष यादव , जयंत, राकेश यादव, संजय यादव, भास्कर नागेश, भास्कर यादव दिव्यांशु गुप्ता सहित यूथ टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहें।