सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 31 मई। पिकअप वाहन की लूटपाट के मामले में 2 आरोपियों कों थाना धौरपुर पुलिस टीम ने गिरफ़्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन सीजी/15/सीडब्लू/2317, घटना के दौरान लूटा हुआ पिकअप मय 18 नग सरई लकड़ी सिल्ली कुल किमती लगभग 11 लाख रुपये जब्त किया गया है।
आरोपियों द्वारा पिकअप वाहन की लूटपाट करने पश्चात प्रार्थी को धमकी देकर 2 लाख रुपये की मांग की गई थी। मामले मे शामिल अन्य 2 आरोपियों का पता तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक़ प्रार्थी अंजय टोप्पो करदोनी थाना लुन्ड्रा ने 30 मई को थाना धौरपुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि घटना 29 मई को प्रार्थी अपने ड्राइवर विवेक यादव के साथ शादी का सामान पिकअप में लोड कर शंकरगढ़ पहुंचाने गया था, वापस आते समय पिकअप में18 नग सरई लकड़ी का सिल्ली लेकर वापस आ रहा था। इसी बीच 30 मई को देर रात स्कार्पियो वाहन में सवार पारस सिंह, जवाहिर आयाम एवं अन्य 2 व्यक्तियों द्वारा उक्त पिकअप को ओवरटेक कर स्कार्पियो को सामने अड़ा कर ड्राइवर के साथ मारपीट करने पर ड्राइवर मौका देखकर फरार हो गया।
ड्राइवर के भाग जाने पर आरोपी पारस एवं जवाहिर प्रार्थी को अपने स्कार्पियो में बैठाकर ले गए एवं अन्य 2 आरोपियों द्वारा पिकअप को लेकर मौक़े से भाग गए, और पारस एवं जवाहिर प्रार्थी को परसा में छोडक़र मौक़े से फरार हो गए। बाद में आरोपियों द्वारा प्रार्थी को मोबाइल से धमकी देते हुए 2 लाख रुपये की मांग की जाने लगी।
मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना धौरपुर में धारा 394, 34 भा.द.वि.का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा मामले के आरोपियों की तलाश समेत लूटी गई पिकअप की भी तलाश किया जा रही थी, इसी दौरान पुलिस टीम के सतत प्रयास से आरोपी पारस सिंह एवं जवाहिर आयाम की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की। आरोपियों द्वारा पूछताछ में अपना नाम पारस सिंह एवं जवाहिर आयाम दोनों निवासी करसी नवापारा प्रतापपुर जिला सूरजपुर का होना बताये। आरोपियों से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ किये जाने पर घटना करना स्वीकार किया गया।
आरोपियों के निशानदेही पर नरसिंगपुर जंगल थाना राजपुर जिला बलरामपुर से लूटा गया बिना नंबर पिकअप मय 18 नग सरई लकड़ी का सिल्ली जब्त किया गया।
मामले की सूचना वन परिक्षेत्राधिकारी लुन्ड्रा कों अग्रिम कार्यवाही हेतु दी गई है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन सीजी/15/सीडब्लू/2317 को जब्त किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत होना पाये जाने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाता है।