सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मई। घर में सो रहे साले पर टांगी से वार कर हत्या करने वाले आरोपी जीजा को गिरफ्तार करने में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के चंद घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र का है, जहां ग्राम पंचायत भैसाखार के राजापुर में रहने वाले अनुरंजन लकड़ा का अपने जीजा मनोज बड़ा के साथ मठ बनाने की बात को लेकर विवाद चल रहा था। इस बात से गुस्साए जीजा ने बीती देर रात घर में सो रहे साले अनुरंज पर टांगी नुमा हथिया से हमला कर मौत के घाट उतार दिया है।
घटना की जानकारी सीतापुर पुलिस को दी गई। जिसके बाद तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने साले की हत्या करने वाले आरोपी जीजा मनोज कुमार बड़ा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ किये जाने पर अचानक आवेश में आकर अपने साला अनुरंजन को टांगी से वार कर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।