सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 25 मई। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा सरगुजा द्वारा स्थानीय घड़ी चौक पर ममता बनर्जी का पुतला दहन किया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के मार्गदर्शन तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में भाजपाईयों ने ममता बनर्जी के खिलाफ नारे लगाये और पुतले को आग के हवाले कर दिया ।
जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि कोलकाता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार द्वारा मुसलमानों को दिए गए पिछड़ा वर्ग आरक्षण को रद्द कर दिया है, इस आरक्षण में सन 2010 से ओबीसी सर्टिफिकेट प्रदान किया गया था, जिसके तहत बांग्लादेशी घुसपैठी मुसलमानों को इस आरक्षण का लाभ मिल रहा था और माननीय न्यायालय ने इसे रद्द कर दिया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने माननीय उच्च न्यायालय के इस निर्णय का विरोध करते हुए बयान दिया है कि हम इस निर्णय को नहीं मानेंगे और नहीं लागू करेंगे, ममता बनर्जी का यह बयान घोर निंदनीय, संविधान विरोधी और असंगत है।
पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि न्यायालय के फैसले का हम स्वागत करते हैं, आदेश की अवमानना करते हुए ममता बनर्जी ने खुले आम असंवैधानिक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है, और हम, तानाशाह कुशासक ममता बनर्जी के बयान का घोर निन्दा करते हैं।