सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 मई। कांचीपुरम तमिलनाडु में फंसे 3 मजदूरों को स्थानीय पुलिस से आपसी समन्वय स्थापित कर सही सलामत सरगुजा वापस लाया गया। मजदूरों ने त्वरित कार्रवाई हेतु सरगुजा पुलिस का आभार जताया।
सरगुजा पुलिस द्वारा जारी अभियान ऑपरेशन विश्वास के तहत संवेदनशील मामलों में लगातार त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सरगुजा पुलिस को 20 मई को लक्ष्मण टोप्पो एवं जग्गू टोप्पो से आवेदन प्राप्त हुआ कि सरगुजा जिले के 3 श्रमिक राम टोप्पो, सुखन कोरवा एवं प्रीतिश खाखा साकिन लखनपुर जिला सरगुजा जो कांचीपुरम तमिलनाडु स्थित अपाचे कम्पनी में फंसे हुए हैं। श्रमिकों को वापस अपने घर नहीं आने दिया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक जिला कांचीपुरम तमिलनाडु को अपाचे नामक कम्पनी में फंसे 3 श्रमिकों की जानकारी दी गई एवं स्थानीय पुलिस से आपसी समन्वय स्थापित कर तीनो श्रमिकों को सही सलामत रेस्क्यू कर जिला सरगुजा वापस लाया गया। सभी श्रमिक अपने गृहग्राम आकर सरगुजा पुलिस की त्वरित कार्रवाई हेतु सरगुजा पुलिस का आभार जताया।