सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 मई। कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा पश्चिम बंगाल में जारी किए गए सभी ओबीसी प्रमाण पत्रों को रद्द करने के संदर्भ में भाजपा जिला कार्यालय अंबिकापुर में प्रेसवार्ता किया गया। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने पूर्व सांसद कमलभान सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, मंडल अध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला, जिला सह संवाद प्रमुख रूपेश दुबे, सह कोषाध्यक्ष अभिषेक शर्मा की मौजूदगी में प्रेस को संबोधित किया।
अखिलेश सोनी ने विगत के दो बड़ी बातों का जिक्र करते हुए कहा कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने 2010 के बाद से पश्चिम बंगाला में जारी किए गए सभी ओबीसी प्रमाण पत्रों को रद्द करते हुए ममता बनर्जी की तुष्टिकरण की राजनीति पर एक बहुत बड़ा ताला लगा दिया है, तो वहीं दूसरी ओर राहुल गाँधी ने कांग्रेस की पोल खोलते हुए स्वीकार कर लिया है कि कांग्रेस ने आजादी से लेकर 70 सालों तक देश के गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी एवं महिलाओं के साथ अन्याय किया। इंडी गठबंधन के सभी घटक दल इसी मानसिकता पर काम कर रहे हंै और वे दलित, ओबीसी और आदिवासियों का हक़ छीन कर मुसलमानों को देना चाहते हैं। जब तक भाजपा है, वह दलित, ओबीसी और आदिवासियों के अधिकारों पर किसी को भी डाका नहीं डालने देगी।
आगे उन्होंने कहा कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने एक जनहित याचिका पर संज्ञान लेते हुए 2010 से 2024 तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी सरकार ने जितने प्रमाणपत्र ने जारी किए थे, सबको रद्द कर दिया है।
ममता सरकार को अराजकता वाली सरकार की संज्ञा देते हुए अखिलेश सोनी ने कहा कि ममता बनर्जी ने हाईकोर्ट के निर्णय पर जिस तरह का बयान दिया है, यह अदालत की अवमानना तो है ही, संविधान का अपमान तो है ही. साथ ही यह पश्चिम बंगाल की जनता के साथ विश्वासघात भी है क्योंकि हमारे संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण का कोई प्रावधान नहीं है। प्रेसवार्ता के दौरान संजय सोनी, रामप्रवेश पांडे, रविशंकर जायसवाल, मयंक जायसवाल मौजूद रहे।