सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 मई। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व सरगुजा लोकसभा सह संयोजक अखिलेश सोनी ने कहा है कि सरगुजा में भाजपा एतिहासिक मतों से चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह सरगुजा और पूरे प्रदेश और देश में मोदीजी की गारंटियों की लहर है, उसके बाद कांग्रेस का छत्तीसगढ़ में पूरी तरह विसर्जन तय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवराज आदिवासियों को वनवासी कहने पर ऐतराज जताते हैं। आदिवासी को वनों से अलग करने की यह साजिश है। इस लोकसभा चुनाव में आदिवासी, पिछड़े, गरीब और किसान कांग्रेस की डूबती नांव में अंतिम कील ठोकेंगे।
आगे उन्होंने कहा कि भाजपा जहां केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं कांग्रेस झूठ का नगाड़ा बजा रही है, लेकिन कांग्रेस को जनता सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।
अखिलेश सोनी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश जिस तरह विकसित भारत बनने की ओर आगे बढ़ रहा है, उससे कांग्रेस के कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट के एक बयान पर प्रतक्रिया देते हुए कहा कि पायलट अब छत्तीसगढ़ में पार्टी का खाता नहीं खुलने का मंथन शुरू कर दें। आलाकमान उन पर पहले ही भरोसा नहीं करता, इसलिए कोई ठोस बहाना तैयार रखें।
उल्लेखनीय है सचिन पायलट ने एक बयान में कहा था कि दो चरणों के मतदान के बाद 400 पार के नारे को भूल गई भाजपा। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे अखिलेश सोनी ने कहा कि कांग्रेस आरक्षण के मुद्दे पर जिस तरह लोगों को भ्रमित कर रही है, उससे अन्य पिछड़ा वर्ग समाज में आक्रोश व्याप्त है। इसका जवाब लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिलेगा। पिछड़ा वर्ग समाज का आशीर्वाद व विश्वास सदैव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है। उन्होंने 7 मई को सरगुजा से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।