सरगुजा

बेमुद्दत हड़ताल पर पटवारी, आंदोलन के विस्तार की दी चेतावनी
14-Feb-2024 8:30 PM
बेमुद्दत हड़ताल पर पटवारी, आंदोलन के विस्तार की दी चेतावनी

झूठे आरोप में फंसाकर प्राथमिकी दर्ज करने का विरोध, संभागायुक्त को ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,14 फरवरी।
तहसील रामानुजगंज के समस्त पटवारियों को झूठे आरोप में फंसाकर प्राथिमिकी दर्ज करने के विरोध में राजस्व पटवारी संघ ने संभाग आयुक्त को ज्ञापन दिया है। मामले में लीपा-पोती करने एवं द्वेषपूर्ण, संकीर्ण मानसिकता से कार्यवाही किये जाने के कारण बलरामपुर- रामानुजगंज जिले से किसी अन्य जिले में जांचअधिकारी के स्थानांतरण की मांग क़ी गई है। मांग पूरी नहीं होने पर आगामी 2 दिवस पश्चात संभाग एवं प्रान्त स्तर पर अपने आन्दोलन को विस्तार करने की चेतावनी भी राजस्व पटवारी संघ ने दी है।

राजस्व पटवारी संघ ने ज्ञापन में कहा कि पूरे राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 1 नवम्बर से 4 फरवरी तक सम्पन्न किया गया। जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के तहसील रामानुजगंज, रामचन्द्रपुर के तहसीलदार द्वारा तहसील पंजीयन मॉड्युल से विभिन्न पंजीकृत कृषकों के खाते में दूसरे किसानों, शासकीय भूमि, कम्पार्टमेंट नं. (वन भूमि) जोडक़र धान बिचौलियों के साथ मिलकर फर्जीवाड़ा किया गया है। समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के उपरान्त जिला प्रशासन द्वारा जांच दल गठित कर जांच कराया गया। 

जांच में पटवारियों द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। जांच के दौरान जांच दल के अधिकारियों के द्वारा प्राथमिक तौर पर पदस्थ प्रभारी तहसीलदार विष्णु गुप्ता, प्रभारी ऑपरेटर संदीप गुप्ता (ग्रंथपाल), राजू रवि (भृत्य) को फर्जीवाड़ा का दोषी पाया गया, क्योंकि कृषकों के खाते में अन्य कृषकों का खसरा /रकबा, शासकीय भूमि, कम्पार्टमेंट नं. जोडऩे का आईडी पासवर्ड तहसीलदार को प्रदाय किया गया है। 

उक्त प्रकरण में 7 फरवरी को तहसील रामानुजगंज के समस्त पटवारियों को दोषी मानते हुए प्राथमिकी दर्ज करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा निर्देशित करने की सूचना प्राप्त हुई है। इस पर राजस्व पटवारी संघ के जिला ईकाई बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा कलेक्टर से मिलकर अपनी बात रखने का प्रयास किया गया, परन्तु कलेक्टर  द्वारा बात सुनने से इंकार कर दिया गया। आरोप है कि तहसील मॉड्युल / समिति मॉड्युल से किये गये फर्जीवाड़े में पटवारियों को बेवजह फंसाकर प्राथमिकी दर्ज कराया जा रहा है। 

पटवारियों में भय
उक्त कृत्य से जिले के समस्त पटवारियों में भय का माहौल व्याप्त है, ऐसी स्थिति में कार्य करने में अधिकारी असुरक्षित महसूस हो रहा है। पटवारियों पर लगे सम्पूर्ण गलत आरोपों से दोषमुक्त किये जाने तक जिले के समस्त पटवारी 9 फरवरी से राजस्व संबंधी समस्त कार्य का बहिष्कार कर अनिश्चितकालिन हड़ताल पर हैं।

पुन: निष्पक्ष जांच करवाने क़ी मांग
राजस्व पटवारी संघ ने संभाग आयुक्त से मांग करते हुए कहा कि उक्त जांच प्रकरण को शून्य कर पुन: निष्पक्ष जांच करवाएं। साथ ही जांचअधिकारी पर शासन को गुमराह करने, पूरे मामले में लीपा-पोती करने एवं द्वेषपूर्ण, संकीर्ण मानसिकता से कार्यवाही किये जाने के कारण बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से किसी अन्य जिले में स्थानांतरण करने की कृपा करें। अन्यथा आगामी 2 दिवस पश्चात संभाग एवं प्रांत स्तर पर अपने आन्दोलन को विस्तार करने के लिए बाध्य होंगे।


अन्य पोस्ट