सरगुजा

छात्रा खुदकुशी, सिंहदेव ने जताया दुख
08-Feb-2024 8:26 PM
छात्रा खुदकुशी, सिंहदेव ने जताया दुख

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 फरवरी।
नगर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका की प्रताडऩा से तंग आकर छात्रा की खुदकुशी का मामला सामने आया है।

कार्मेल स्कूल की घटना पर  पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने जारी बयान में कहा कि अम्बिकापुर में कार्मेल स्कूल की नन्हीं छात्रा की आत्महत्या द्वारा मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनायें और सहानुभूति बालिका के शोकसंतप्त अभिभावकों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि बच्चों के साथ स्कूल में किसी भी तरह का गलत व्यवहार कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। अपने शहर की नन्हीं बालिका ने स्कूल में उसके एवं उसके दोस्तों के साथ घट रही घटनाओं को लेकर जो कदम उठाया है, वह बेहद दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी सांत्वना परिवार के साथ है। परिवार के सदस्यों ने स्कूल पर जो आरोप लगाएं हैं, उसकी जांच होनी चाहिये, ताकि तथ्य बाहर आ सकें। 

जिला कांग्रेस कमेटी ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि कार्मेल स्कूल की छात्रा के निधन पर जिला कांग्रेस कमेटी की आज की बैठक में चर्चा हुई है। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता बयान जारी करते हुए कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ पीडि़त परिवार के साथ खड़ी है। जिला प्रशासन इस मामले की निष्पक्ष जांच करें।


अन्य पोस्ट