सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली,7 फरवरी। बतौली जनपद अध्यक्ष पद के रिक्त हुए पद पर भाजपा समर्थित लीलावती पैंकरा का निर्विरोध निर्वाचन पीठासीन अधिकारी रवि राही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सीतापुर की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
जनपद पंचायत बतौली में कांग्रेस की सुगिया मिंज ने अध्यक्ष पद और जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 11 बोदा से 2 जनवरी को इस्तीफा दे दिया था। सुगिया मिंज ने पारिवारिक स्थिति और मानसिक रूप से त्रस्त होने का उल्लेख करते हुए इस्तीफ़ा दिया था। बाद में 4 जनवरी को महिला बाल विकास विभाग में कार्यकर्ता के पद पर ज्वाइन कर लिया।
इस संबंध में 17 जनवरी को उप संचालक पंचायत ने 7 फरवरी को जनपद पंचायत बतौली के अध्यक्ष पद पर निर्वाचन की अधिसूचना जारी करते हुए एसडीएम सीतापुर रवि राही को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया जिन्होंने निर्धारित नियम के अनुसार निर्वाचन सम्पन्न कराया।
12 सदस्यीय जनपद सदस्यों में से 1 पद रिक्त होने पर 11 सदस्यों में चुनाव सम्पन्न कराया जाना था। सभी सदस्य चुनाव में शामिल हुए। कांग्रेस समर्थित जनपद सदस्यों का नेतृत्व जनपद उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता कर रहे थे, परन्तु अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी नहीं की और लीलावती पैंकरा जनपद अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
जनपद सदस्यों में लीलावती पैंकरा क्षेत्र बतौली,जनपद उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता बटाइकेला क्षेत्र,जय प्रकाश तिग्गा गहिला क्षेत्र, मनमतिया टेडगा क्षेत्र,दीपेश कुमार सिंह बिलासपुर क्षेत्र,विवेकानंद कश्यप सिलमा क्षेत्र,देवप्रिय सिंह सिदार पोकसरी क्षेत्र, वीरेंद्र पैंकरा मंगारी क्षेत्र, सुशीला भगत बालमपुर क्षेत्र, लक्ष्मनिया सरमना क्षेत्र, मुनेश्वरी बांसाझाल क्षेत्र उपस्थित थे।
जनपद पंचायत अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए भाजपाई कई दिनों से सक्रिय रहे। बुधवार सुबह से ही भाजपा के कार्यकर्ताओं की भारी गहमागहमी दिखाई दे रही थी। जिला भाजपा महामंत्री देवनाथ सिंह,रोशन लाल गुप्ता,मण्डल अध्यक्ष रज्जु राम आदि उपस्थित थे।
अध्यक्ष पद पर रहते हो गई आंबा के कार्यकर्ता पद पर नियुक्त
पूर्व जनपद अध्यक्ष सुगिया मिंज पूर्व कैबिनेट मंत्री की नजदीकी थी। अध्यक्ष पद पर रहते आदेश क्रमांक 217 दिनांक 6 अक्टूबर 2023 को नियुक्त कर दिया गया। विधानसभा चुनाव के आचार संहिता समाप्त होने के बाद 2 जनवरी 2024 को सुगिया मिंज ने अध्यक्ष और जनपद सदस्य के पद से इस्तीफा दिया और 4 जनवरी 2024 को महिला बाल विकास के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर पदभार ग्रहण किया।