सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 जनवरी। शराब पीने के दौरान पिता और पुत्र के बीच हुए विवाद के बाद पुत्र ने डंडे से मार कर पिता की हत्या कर दी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायल की मौत के बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। इसके बाद आरोपी बेटा खुद पुलिस चौकी पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार भैसामुंडा बलरामपुर निवासी राधे मोहन ने बताया कि 23 जनवरी की शाम लगभग 7 बजे बाजार से घर आने पर देखा कि उसके पिता भगवती घर के आंगन में सिलबट्टा के पास गिरकर पड़े थे और सिर के बीचों-बीच गहरा चोट का निशान तथा अन्य जगहों पर चोट खरोंच लगा था।
इस समय बड़ा भाई आंगन से भाग गया और आधा घंटा बाद बड़े भाई सरहुल ने मोबाइल फोन पर बताया कि पिता भगवती को डंडा से सिर और अन्य जगहों पर मार दिया हूं और चांची गणेश मोड़ जा रहा हूं। इसके बाद परिजन घायल को निजी वाहन से बलरामपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाकर भर्ती कराया गया, जहां उपचार दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई है।