सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 19 जनवरी। खाद्य विभाग द्वारा शुक्रवार को 42.73 लाख के धान के हेर-फेर पर कार्रवाई की गई है।
जिला खाद्य अधिकारी रविंद सोनी ने बताया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति अमल द्वारा संचालित धान उपार्जन केंद्र अमलभिठ्ठी, विकासखंड लखनपुर का औचक निरीक्षण कर जांच की गई।
जांच में पाया गया कि धान उपार्जन केंद्र अमलभि_ी में 47681.60 क्विंटल धान की खरीदी किया गया है। जिसमे से 40230 क्विंटल धान उठाव समिति से किया जा चुका है। शेष धान 7451.60 क्विंटल के भौतिक सत्यापन में 1957.60 क्विंटल यानी 4894 बोरी धान कम पाया गया। कमी पाए गए धान के सम्बंध में समिति के कर्मचारियों से पूछताछ किए जाने पर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि समिति प्रबन्धक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर जैनेंद्र प्रसाद राजवाड़े, धान खरीदी प्रभारी शैलेन्द्र कुमार राजवाड़े और फड़ प्रभारी देवकुमार यादव द्वारा 1957.60 क्विंटल धान, जिसकी कीमत 42.73 लाख मूल्य आंकी गई है, का हेर-फेर किया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जांच में खाद्य अधिकारी सहित जिला विपणन अधिकारी अरुण विश्वकर्मा, सहायक खाद्य अधिकारी रोशन गुप्ता, खाद्य निरीक्षक शैलेन्द्र एक्का सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।