सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर/सूरजपुर, 17 जनवरी। सूरजपुर नगर में शासकीय सडक़ एवं भूमि पर बिना नगरपालिका अनुमति के पक्का स्थाई निर्माण को लेकर आयुक्त सरगुजा संभाग ने जांच का आदेश दिया है।
मामला सूरजपुर के नगर पालिका क्षेत्र वार्ड क्र 16 का है, जहां पर रितेश कुमार अग्रवाल नामक व्यक्ति के द्वारा वार्ड क्र0 16 में स्थित शासकीय सडक़ एवं रास्ता की भूमि खसरा नं. 2630 में बिना नगर पालिका परिषद सूरजपुर के अनुमति के बगैर पक्का स्थायी निर्माण जोर-शोर पर किया जा रहा है तथा उक्त भूमि का न तो रितेश कुमार अग्रवाल के पास पट्टा है और न ही कोई दस्तावेज है। जिस पर रोक लगाये जाने के संबंध में डीके सोनी अधिवक्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा दिनांक 27 दिसम्बर 2023 को एक शिकायत आवेदन आयुक्त सरगुजा संभाग अम्बिकापुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया था।
शिकायत में यह उल्लेख किया गया था कि नगर पालिका परिषद सूरजपुर के अन्तर्गत वार्ड क्र. 16 में छग शासन रास्ता एवं सडक मद में दर्ज भूमि खसरा नं. 2630 रकबा 1.975 के कुछ भाग पर अवैध तरीके से रितेश अग्रवाल के द्वारा पक्का निर्माण कर दुकान, मकान एवं कॉम्पलेक्स बनाया जा रहा है, जो कि नियम विरूद्ध है। उक्त मामले की शिकायत अधिवक्ता डीके सोनी के द्वारा आयुक्त सरगुजा संभाग के समक्ष दस्तावेज एवं फोटोग्राफ सहित आवेदन प्रस्तुत किया गया ।
आयुक्त सरगुजा संभाग ने डीके सोनी के शिकायत पर उपायुक्त सरगुजा संभाग अम्बिकापुर द्वारा कलेक्टर सूरजपुर को शिकायत आवेदन पत्र में उल्लेखित तथ्यों की जांच कराकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर जांच प्रतिवेदन 15 दिवस के भीतर उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है।