सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 17 जनवरी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश के प्रभारी राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आलोक डंगस का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा 17 जनवरी से होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सान्निध्य में 25 जनवरी को नमो नव मतदाता सम्मेलन देशभर के 5000 स्थानों में एकसाथ होगा।
छत्तीसगढ़ के 176 स्थानों पर यह सम्मेलन होगा। इस सिलसिले में भाजयुमो कार्यकर्ताओं की बैठक व तैयारियों और निरीक्षण के लिए श्री डंगस सभी संभागों में जाएंगे। श्री डंगस इस कार्यक्रम के लिए लगातार प्रवास व ऑनलाइन बैठक कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले इस कार्यक्रम के परिप्रेक्ष्य में छत्तीसगढ़ में पूरी ताकत के साथ तैयारी की जा रही है। युवाओं में इस कार्यक्रमों को लेकर बहुत उत्साह है। भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा नमो नव मतदाता सम्मेलन के लिए पंजीयन भी किया जा रहा है।
श्री डंगस का प्रवास कार्यक्रम इस प्रकार है -17 जनवरी को रायपुर पहुँचकर उसी दिन रात को अम्बिकापुर चले जाएंगे। 18 जनवरी को 11 बजे सुबह अम्बिकापुर संभाग के सभी प्रदेश, जिला, मंडल पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। उस दिन शिक्षा संस्थानों व नव युवाओं से संपर्क कर पंजीयन करवाएंगे।
18 जनवरी को रात को बिलासपुर निकलेंगे। 19 जनवरी को बिलासपुर संभाग की बैठक करेंगे और शिक्षा संस्थानों में पंजीयन करवाएंगे। यह जानकारी भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिले के महामंत्री संजीव वर्मा ने दी।