सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर,15 जनवरी। बीती रात उदयपुर की ओर से आ रही बोलेरो के चालक के द्वारा शराब पीकर तेज रफ्तार से चलाते हुए बाइक को ठोकर मार दी। हादसे में बाइक सवार भाजपा नेता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बोलेरो चालक ठोकर मारने के बाद वहां से भाग निकला और 3 किलोमीटर की दूरी पर सानी बर्रा में जाकर पेड़ में टकराकर पलट गई जिसमें सवार 10 लोगों में से दो लोग घायल हो गए, वहीं बाइक सवार तीन सवारी में से दो का पैर टूटा।
बोलेरो वाहन चालक केदमा निवासी प्रदीप उरांव अपनी वाहन क्रमांक सीजी 04 एच. ए.8459 को लेकर शादी का लग्न लेकर बरोखी खाने बतोली में ग्राम बोदा गया हुआ था। ड्राइवर शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए उदयपुर से होकर रात्रि 10.50 बजे कुदर बसवार की ओर जा रहा था ।
वहीं ग्राम सानीबर्रा से बबलू यादव पिता रामकुमार यादव उम्र 40 वर्ष अपने बेटे कलेश्वर 13 वर्ष और डुमरिया जिला कोरिया निवासी रमेश पिता राममिलन उम्र 20 वर्ष के साथ रायपुर हॉस्पिटल बच्चे के कैंसर के इलाज के लिए उदयपुर बस स्टैंड बस बैठाने जा रहा था।
इस दौरान ग्राम पुटा अमृत लाल यादव घर के पास बोलेरो चालक के द्वारा लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए भाजपा नेता बबलू यादव के बाइक को ठोकर मार दी, जिससे बबलू यादव का जांघ कट गया और ज्यादा खून बहने से मौके पर ही दम तोड़ दिया और उसकी पत्नी का भाई रमेश का पैर टूट गया और बेटे का भी पैर टूट गया। बाइक चालक को घायल अवस्था में ही छोडक़र बोलेरो वाहन चालक वहां से भाग निकला ।
मौके पर पहुंची उदयपुर 112 की टीम प्रधान आरक्षक देवनारायण कंवर सरजू राजवाड़े समेत दो आरक्षक कुंजलाल सोरी और रामकुमार यादव ने अफरा-तफरी में घायलों को उदयपुर चिकित्सालय पहुंचाया। डॉक्टर ने बबलू यादव को मृत घोषित कर दिया। घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
बोलेरो चालक भागने के फिराक में सानीबर्रा के देवल्ला के पास मोड़ में पलट गई,जिससे बोलेरो में बैठे अनीता, कैलाश, जमुनी, वीनेश्वर को मामूली चोटें आई।
रात को जोर से आवाज आने की वजह से आसपास के ग्रामीण इक_ा हो गए और देखा कि भीषण हादसा हुआ है। इसकी सूचना 112 की टीम को दी गई।
112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर दुर्घटना में घायल लोगों को उदयपुर अस्पताल पहुंचाया, वहीं ड्राइवर फरार होने के चक्कर में भाग रहा था, तभी ग्रामीणों के द्वारा उसे पकड़ लिया गया और अस्पताल ले गए, जहां पर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
रात को मृतक के परिजनों को जब यह पता चला कि बबलू यादव की मौत हो गया है तो वहां पर हंगामा होने की स्थिति बन रही थी, किंतु पुलिस की निगरानी में आरोपी वाहन चालक को थाना भेज दिया गया।
इधर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है क्योंकि जिस बच्चे को कैंसर के इलाज के लिए ऑपरेशन करवाने 25 हजार रु. लेकर रायपुर जा रहा था, पैसे और मोबाइल भी उसके पास नहीं मिला।
सुबह 3 बजे घायलों को इलाज करवा कर लौट रहे पत्रकार नेपाल प्रसाद दुर्घटना स्थल पहुंच जांच की तो पैसा प्लास्टिक में बंधा प्राप्त हुआ मिला, जिसे उसके परिजनों को सौंप दिया।
घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में जारी है। पुलिस के द्वारा मृतक का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करा कर लाश को परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस मौके का मुआयना कर वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर कार्रवाई कर रही है।