सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 जनवरी। फर्जी फ्लिपकार्ट आईडी बनाकर सहकर्मी के खाते से ऑनलाइन शॉपिंग कर ठगी करने वाले आरोपी को लखनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से फ्लिपकार्ट ऐप से खऱीदा हुआ 2 मोबाइल किमती लगभग 80162/- रुपये बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि थाना लखनपुर क्षेत्र ग्राम जोधपुर निवासी विजय कुमार राजवाड़े ने थाना लखनपुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका स्टेट बैंक का खाता उसके मोबाइल नंबर से लिंक हैं। कुछ दिन पूर्व प्रार्थी के मोबाइल में तकनीकी समस्या आने पर जिओ केयर में दिखाने पर कॉल फॉरवर्ड होने की जानकारी दी गई, जिसे बाद में प्रार्थी के द्वारा सही कराया गया। इसी बीच प्रार्थी द्वारा किसी प्रकार की ठगी होने की आशंका पर अपना खाता चेक कराने पर कुल 80162/- रुपये का ऑनलाइन शॉपिंग फ्लिपकार्ट ऐप के माध्यम से होना पाया गया। उक्त घटना के सम्बन्ध में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लखनपुर में धारा 420 भा.द.वि, 66(डी) आई. टी. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, अनुविभागिय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आरोपी का पता तलाश किया जा रहा था।
विवेचना दौरान मामले मे साइबर सेल की सहायता से तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर मामले के संदेही की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की गई। आरोपी द्वारा अपना नाम भारत उम्र 23 वर्ष निवासी राजवारपारा लखनपुर का होना बताया।
आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर बताया कि आरोपी पूर्व में पास के एक व्यक्ति से 3000 रुपये में एक मोबाइल एवं सिम लिया था, जिस सिम पर आरोपी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर फ्लिपकार्ट ऐप में अकाउंट बनाकर रखा था, इसी बीच आरोपी अपने सहकर्मी से काम करने के दौरान जानपहचान होने पर उसके फ़ोन में खाते से जुड़ा फ़ोन पे का आईडी पासवर्ड बनाकर दिया था।
आरोपी द्वारा आईडी पासवर्ड की जानकारी होने पर उसके मोबाइल को मांगकर कॉल फॉरवर्ड कर फ़ोन पे के माध्यम से पेमेंट कर एक एप्पल आईफ़ोन और एक वन प्लस मोबाइल ऑनलाइन आर्डर कर ठगी करना स्वीकार किया गया।
आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं ठगी की गई रकम से खऱीदा हुआ 2 मोबाइल कुल किमती लगभग 80162/- रुपये बरामद किया गया। मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 41 (ए) सी.आर.पी. सी. के निहित प्रावधानों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।