सरगुजा

पीईकेबी खदान को पुन: शुरू कराने सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे कलेक्टोरेट, कहा शीघ्र कराए शुरू
11-Jan-2024 8:55 PM
पीईकेबी खदान को पुन: शुरू कराने सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे कलेक्टोरेट, कहा शीघ्र कराए शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 11 जनवरी। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड क्षेत्र के साल्ही, परसा, बासेन,शिवनगर, फतेहपुर,घाटबर्रा इत्यादि गांवों के ग्रामीणोने बीते छ: महीने से बंद पड़ी खदान परसा ईस्ट केते बासेन (पीईकेबी) खदान को पुन: सुचारु रूप से चलाने की मांग करते कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

गुरुवार को परसा ईस्ट केते बासेन खदान शुरू करवाने की मांग लेकर सैकड़ों ग्रामीण  अंबिकापुर कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने सरगुजा कलेक्टर से मुलाकात कर खदान को पुन: चालू करवाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर को अवगत कराया की खदान प्रभावित परिवार के सदस्य व आसपास के ग्रामीण हैं तथा अधिकतर लोग खदान में नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, लेकिन उनके क्षेत्र की एक मात्र खदान कई महीनों से जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण अब बंद हो गई है, जिससे उन्हें बेरोजगार होकर अब रोजी-रोटी के लिए भटकना पड़ रहा है।

राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड को आवंटित कोयला ब्लॉक परियोजना के बंद होने से स्थानीय लोगों, विशेष रूप से आदिवासियों, को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। इस खदान से खदान प्रभावित परिवारों के अलावा आसपास के स्थानीय लोगों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सडक़, बिजली, आदि जैसी मूलभूत सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं। खदान के बंद होने से इन लोगों के जीवन पर विपरीत प्रभाव पड़ा है।

रघुनन्दन सिंह पोंर्ते के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि उदयपुर विकास खण्ड में पीईकेबी कोल खदान का संचालन बीते बारह वर्षों से किया जा रहा है, लेकिन विगत छ: माह से खदान के संचालन के लिए भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण खदान पूरी तरह से बंद हो गया था। खदान का संचालन नहीं होने के कारण खदान में कार्य करने वाले हजारों लोग बेरोजगार हो गये है एवं अपनी रोजी-रोटी हेतु भटक रहे हैं।  शासन- प्रशासन द्वारा 15 दिन पूर्व खदान के संचालन के लिए पेंड़ों की कटाई की गई थी, किन्तु अभी तक उक्त भूमि पर खदान का संचालन का कार्य प्रारम्भ नहीं हो सका है, जिससे लंबे समय से लोगों को नौकरी एवं रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है।

 इस खदान के प्रारंभ होने से खदान प्रभावित परिवारों के अलावा आसपास के स्थानीय खेतिहर भूमिहीन मजदूर लोगों के परिवार की रोजी-रोटी चलती है,जिसके बंद होने से रोजी-रोटी के लिए प्रदेश से पलायन होना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट