सरगुजा

विरासत के रूप में खाली खजाना, लेकिन किसानों को एक-मुश्त अंतर की राशि देंगे- विष्णु देव
08-Jan-2024 10:07 PM
विरासत के रूप में खाली खजाना, लेकिन किसानों को एक-मुश्त अंतर की राशि देंगे- विष्णु देव

कार्यकर्ता सम्मेलन में सीएम ने सरगुजा को कांग्रेस मुक्त कराने पर कार्यकर्ताओं का जताया आभार

ओम माथुर को संगठन का शिल्पी बताया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,8 जनवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरगुजा संभाग के भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभी 14 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दिलाकर कांग्रेस मुक्त सरगुजा कर दिया है। आजादी के बाद पहली बार हम कांग्रेस का अभेद किला कहे जाने वाला सीतापुर सीट भी जीते, सभी कार्यकर्ताओं का आभार।

छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार गठन के बाद पहली बार सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के पीजी कॉलेज स्थित हॉकी मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रभारी ओम माथुर का आभार जताते हुए कहा कि वह भाजपा संगठन के शिल्पी हैं, जहां भी वह प्रभार में रहते हैं, वहां सरकार बनती है। कांग्रेस ओवर कॉन्फिडेंस में थी, हमें अपने आगे गिन ही नहीं रहे थे, लेकिन इसी बीच ओम माथुर आए और कहा-निश्चित ही भाजपा की सरकार बनेगी। जब वह बोलते थे तो विश्वास कम होता था, कैसे सरकार बनेगी लेकिन घूम-घूम कर कार्यकर्ताओं में ऊर्जा लाए और टीम बनाकर काम किया, जिसके चलते हमें जीत हासिल हुई।

श्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य बड़े नेताओं को छत्तीसगढ़ में जीत दिलाने का श्रेय दिया।

उन्होंने आगे कहा कि मात्र 25 दिनों में ही भाजपा सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जो वादा किया था, पूरा करना प्रारंभ कर दिया गया है। भाजपा की सरकार बनते ही कैबिनेट की पहली बैठक में 18 लाख आवास स्वीकृति का निर्णय दिया गया। किसानों को 2 साल का बोनस  25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए 12 लाख से अधिक किसानों को 3716 करोड़ रुपए ट्रांसफर किया गया। पीएससी घोटाले की जांच की बात प्रधानमंत्री ने कही थी, हमने जांच के लिए सीबीआई को सौंप दिया है, अब इसमें सख्ती से कार्रवाई होगी।

3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी करना शुरू हो गया है,महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को 12000 रूपए  प्रतिवर्ष देने का वादा किया था उसका भी कार्य शीघ्र प्रारंभ हो जाएगा। तेंदूपत्ता की खरीदी सीजन में वादे के अनुसार होगी,एक-एक वादा 5 साल में पूरा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विरासत के रूप में हमें खाली खजाना मिला है लेकिन हम किसानों को एक-मुश्त अंतर की राशि देंगे। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को कहा कि विधानसभा के बाद अब लोकसभा चुनाव की बारी है, सभी 11 सीट जीताकर देना है।इसके लिए कार्यकर्ता संकल्प लें और अभी से जी जान लगाकर एक-एक बूथ तक पहुंच कर सभी सीटों पर विजयी दिलाने जुट जाए।

न थकूंगा न आपको थकने दूंगा-माथुर

कार्यकर्ता सम्मेलन में छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सबको नमन, मेरी लाज रखी। आप सभी देवतुल्य कार्यकर्ता प्रणाम के पात्र हैं। श्री माथुर ने मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री व विधायकों से खड़े करवाकर कार्यकर्ताओं को प्रणाम कराया।

 श्री माथुर ने कहा कि पहली बार सरगुजा में 14 सीट और छत्तीसगढ़ में 54 सीट भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जिताया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मजाक उड़ाते थे, तब मैंने उनसे कहा था कि दौड़ लगा दीजिए, पीछे रहा तो बात करना। मेरी दौड़ लाखों कार्यकर्ताओं की दौड़ है, और इस दौड़ में हम जीत दर्ज किए।

श्री माथुर ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ को पूर्व की कांग्रेस सरकार ने पूरी तरह से संकट में डाल दिया था। पृथ्वी पर जब भी संकट आया था, भगवान विष्णु ने उससे उबारने का काम किया था, इसी तरह छत्तीसगढ़ में भी मुख्यमंत्री विष्णु देव यहां की जनता को संकट से उबारेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करेंगे।

माथुर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मैं न सोऊंगा न आपको सोने दूंगा, मैं न थकूंगा न आपको थकने दूंगा। हमें छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीट जीतने के लिए काम करना है,कोई भी कार्यकर्ता अपने बूथ से नहीं हटेगा,सभी अपने बूथ में काम करेंगे।

श्री माथुर ने सभी कार्यकर्ताओं से हाथ खड़े करा आप जितवांगे ना, 11 कमल का फूल यहां से दिल्ली भेजेंगे ना भरोसा दिलाइए की बात कही, जिस पर एक स्वर में हजारों कार्यकर्ताओं ने हामी भरी।

रामकुमार ने हाथी को मार दिया

कार्यकर्ता सम्मेलन में ओम माथुर ने कहा कि सरगुजा में सीतापुर विधानसभा सीट जिसे हम आजादी के बाद से नहीं जीते थे वीआरएस लेकर आए रामकुमार टोप्पो ने यहां धमाकेदार जीत हासिल करते हुए हाथी को मार दिया। श्री माथुर ने कहा कि सरगुजा में बड़े-बड़े सुरमा निपट गए, यह सब कार्यकर्ताओं की बदौलत हुआ। भाजपा की ताकत कार्यकर्ता ही है, इन्हीं के दम पर भाजपा जीती है। मैं इनको नमन और प्रणाम करता हूं।

हमने बिना मांगे मुख्यमंत्री दिया

प्रभारी श्री माथुर ने कहा कि एक ने ढाई-ढाई साल में धोखा दिया। हमने सरगुजा के लाल को मुख्यमंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि एक पहले था जो समझौता करके 5 साल बैठ गया और माफी मांगता रहा। दूसरे ने ढाई ढाई साल के नाम पर धोखा दिया। हमने सरगुजा के लाल को मुख्यमंत्री बनकर आपके बीच खड़ा किया।

11 लोकसभा सीट जीताकर देना है, यह प्रण हम सभी को लेना है-किरण देव

कार्यकर्ता सम्मेलन को छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि सरगुजा की सभी 14 सीट जीताने वाले कार्यकर्ताओं को मेरा नमन है। छत्तीसगढ़ को अत्याचार, भ्रष्टाचार, अनाचार का गढ़ कांग्रेस सरकार ने बना दिया था। केंद्र की योजनाओं को 5 साल तक रोक के रखा था, हमारे कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच जाकर कहा हम इसे पूरा करेंगे,2 वर्ष की बोनस राशि देंगे और कई भरोसा जनता को दिलाया। कार्यकर्ताओं और मोदी जी की गारंटी पर छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आप सभी कार्यकर्ता यही ऊर्जा,कर्मठता,निष्ठा लगातार बनाए रखिए अभी कुछ महीने बाद लोकसभा चुनाव आने को है। हमें छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीट जीताकर देना है यह प्रण हम सभी को लेना है,बड़ी मार्जिन से जिताकर दिल्ली में हम छत्तीसगढ़ से अपना सांसद भेजेंगे।

कार्यकर्ता सम्मेलन को उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, केबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, संभागीय संगठन प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

सम्मेलन में अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, प्रबोध मिंज, गोमती साय, रामकुमार टोप्पो, रायमुनी भगत, उद्धेश्वरी पैंकरा, शकुंतला सिंह पोर्ते, भूलन सिंह मरावी सहित भैय्या लाल राजवाड़े, सिद्धनाथ पैकरा, सरगुजा भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, बलरामपुर भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल, सूरजपुर जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।


अन्य पोस्ट