सरगुजा

सीएम ने की मां महामाया की पूजा-अर्चना, प्रदेश की तरक्की और खुशहाली की कामना
08-Jan-2024 10:05 PM
सीएम ने की मां महामाया की पूजा-अर्चना, प्रदेश की तरक्की और खुशहाली की कामना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 8 जनवरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का मां महामाया एयरपोर्ट अंबिकापुर में  सरगुजा अंचल में प्रथम आगमन पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री साय के साथ में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित ओम माथुर, किरण सिंह देव और रामप्रताप सिंह भी आये।

इस दौरान एयरपोर्ट में कृषि मंत्री राम विचार नेताम, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, विधायक गोमती साय के साथ-साथ सरगुजा कमिश्नर श्री चुरेंद्र, आईजी मोहित गर्ग, कलेक्टर भोसकर विलास संदीपन,एसपी सुनील कुमार,नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक, सीईओ जिला पंचायत सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने एक एक गुलाब पुष्प भेंट कर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने प्रथम सरगुजा आगमन पर मां महामाया का आशीर्वाद लेने मां महामाया मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री साय ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश और देश की तरक्की, शांति और प्रदेश वासियों की खुशहाली की कामना की। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट