सरगुजा

चरित्र मानव धर्म की सबसे बड़ी पूंजी-पंकज महाराज
06-Jan-2024 9:09 PM
चरित्र मानव धर्म की सबसे बड़ी पूंजी-पंकज महाराज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 6 जनवरी। जयगुरुदेव आश्रम मथुरा से 26 दिसम्बर को पंकज महाराज की अगुवाई में गतिमान 82 दिवसीय-छह प्रान्तीय शाकाहार-सदाचार, मद्यनिषेध-आध्यात्मिक जनजागरण यात्रा ने कल ग्राम चठिरमा, अम्बिकापुर में पड़ाव किया। यह जनजागरण यात्रा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में पूर्व निश्चित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 27 जनवरी तक भ्रमण करेगी। 

6 जनवरी को यहाँ आयोजित सत्संग समारोह में जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज महाराज ने प्रवचन करते हुये कहा-नर-नरियो! यह मानव तन अनमोल है। न जाने किस महात्मा की दया हो गई, न जाने कौन से जन्म-जन्मान्तरों के शुभ पुण्य कर्म उदय हो गये, जो आपको यह मनुष्य शरीर मिल गया। अरे! यह वक्त का इतना बड़ा वरदान आपको मिला, समय रहते हुये अपनी जीवात्मा के कल्याण के लिये थोड़ा-बहुत विचार करियेगा वरना ये तुम्हारा समय निकलता जा रहा, ‘‘मिली नर देह यह तुमको, बनाओ काज कुछ अपना। पचो मत आय यहि जग में, जानियो रैन का सपना।’’ को उद्धृत करते हुये कहा कि यह दुनियाँ भी दस-बीस, सौ साल का स्वप्न है। जिस दिन मौत का वक्त आयेगा-आप रोओगे, हाय-हाय करके चिल्लाओगे कि हाय! हमने सारी जिन्दगी स्वप्न में गुजार दी। जागने का समय अभी आया था। जो कुछ करना था अभी करना था, लेकिन भाई-बहनो! अब पछताये होत क्या, जब चिडिय़ा चुग गई खेत। ये घर-बार अपना नहीं, अरे! ये पराया देश है, ये सरायखाना है, मुसाफिरखाना है। शरीर भी तुम्हारा नहीं, ये काल का पिंजड़ा है, किराये का मकान है।नानक जी ने कहा ‘‘नानक नाम जहाज है, चढ़ै सो उतरै पार।’’ ऐसे ही हमारे गुरु महाराज बाबा जयगुरुदेव जी महाराज ‘जयगुरुदेव’ नाम का जहाज लगाकर गये और कहा कि दुनियाँ के जीव एक साथ यदि इस जहाज पर चढ़ जायें तो भी यह जयगुरुदेव नाम सबको पार कर देगा। पूज्य महाराज जी ने सुमिरन, ध्यान, भजन का मार्ग देकर उसे विधिवत समझाया तथा कहा रास्ता सच्चा है, देने वाला सच्चा है, करोगे तो निश्चय ही एक दिन गुरु की दया का अनुभव आपको होगा।

देश में बढ़ती हिंसा व अपराध पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुये उन्होंने कहा चरित्र मानव धर्म की सबसे बड़ी पूँजी है। लोगों का चरित्र उत्थान, शाकाहारी-सदाचारी व नशा मुक्त बनाना समय की मांग है। जिस शराब के पीने से आंखो से मां, बहन, बेटी की पहचान खत्म हो जाती है। उसे पीने से यह निर्णय कैसे ले सकते हैं कि क्या अच्छा है और क्या बुरा है। पूज्य महाराज जी ने सभी से अच्छे समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की।

उन्होंने आगामी 24 से 26 मार्च तक जयगुरुदेव आश्रम, मथुरा में आयोजित होने वाले होली सत्संग में आने का निमन्त्रण दिया तथा बताया कि मथुरा में वरदानी जयगुरुदेव मन्दिर बना है जहाँ बुराइयाँ चढ़ाने पर मनोकामना की पूर्ति होती है। जिला-इटावा में तहसील- भरथना के गाँव खितौरा धाम में बाबा जी की पावन जन्मभूमि है यहाँ पर भी भव्य वरदानी मन्दिर बना है। यहाँ सभी सम्प्रदायों के लोग आते हैं।

इस अवसर पर जयगुरुदेव संगत छत्तीसगढ़ के पर्यवेक्षक जसवन्त प्रसाद चौरसिया, प्रान्तीय अध्यक्ष डॉ. कमल सिंह पटेल, भगवत सिंह मराबी, हिराधन राजवाड़े, राम अचल सिंह मराबी, बाबू लाल सिंह मराबी, सरपंच अमृत राय, दिलेसर सिंह, सहयोगी संगत गाजीपुर (पूर्वी) उ.प्र., के जिम्मेदार मनोज गुप्ता एवं जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था के महामन्त्री बाबूराम यादव, जयगुरुदेव आश्रम मथुरा के प्रबन्धक व उ.प्र. संगत के अध्यक्ष संतराम चौधरी, बिहार प्रदेश अध्यक्ष मृत्युन्जय झा, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह एवं संस्था के अन्य सदस्यगण मौजूद रहे। सत्संग समापन के बाद धर्मयात्रा अपने अगले पड़ाव ग्राम खरकट्टा ब्लाक व तह. पत्थलगांव, जिला-जसपुर के लिये प्रस्थान कर गई।


अन्य पोस्ट