सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 जनवरी। अंबिकापुर नगर के रिंगरोड प्रतापपुर नाका निवासी कक्षा दसवीं के 15 वर्षीय छात्र स्नेहिल पाण्डेय ने घर में फांसी लगा आत्महत्या कर ली। छात्र ने सुसाइड नोट भी लिखा है कि अपनी मौत का कारण मैं खुद हूं, उसने किसी पर दोषारोपण नहीं किया है।
नाबालिग छात्र द्वारा फांसी लगाई जाने से नागरिक भी हैरत में पड़ गए। उसने यह कदम क्यों उठाया, अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
मृतक के पिता गोपेश पाण्डेय आकाशवाणी अंबिकापुर में काम करते हैं। उन्होंने घटना के संबंध में पुलिस को बताया कि उनका बड़ा पुत्र स्नेहिल कक्षा 10वीं में विक्टोरिया पब्लिक स्कूल में पढ़ाई करता था। उनकी ड्यूटी शाम 4 से 11.10 बजे तक रहती है, इस बीच वे खाना खाने रात लगभग 8.55 बजे घर पहुंचे। तीन जनवरी की रात पुत्र स्नेहिल खाना खाने के बाद अपने बैठक रूम में पढ़ाई कर रहा था।
ड्यूटी समाप्त होने पर लगभग 11.20 बजे जब वे घर लौटे तो देखा कि जिस कमरे में स्नेहिल सोता था, वहां पर नहीं था, फिर बैडरूम में गया तो वहां भी नहीं दिखा। इसके बाद अपनी पत्नी से पूछा तो बताई बाबू पढ़ रहा था, फिर दौड़ते हुये वे सामने और छत की ओर गए तो देखा कि उपर वाले स्टोर रूम की लाईट जल रही है।
उस कमरे में जाकर देखा तो पुत्र स्नेहिल का शव फांसी पर झूलता मिला। उसने साड़ी से सीट की पाइप में फांसी लगाया था। यह नजारा देख परिजनों के होश उड़ गए। उसे तत्काल नीचे उतार मिशन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर द्वारा ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद पुत्र को मृत घोषित कर दिया।
पिता ने बताया कि जहां पुत्र ने फांसी लगाया था, वहां टेबल में एक कापी के छोटे टुकड़ा में सुसाइड नोट लिखा मिला। जिसमें पुत्र ने अपनी मर्जी से जान देने का उल्लेख किया है। उसने यह भी लिखा है कि मैं अपने माता-पिता से बहुत प्यार करता हूं। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों का बयान लिया जा रहा है, अभी तक आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है।