सरगुजा

केआर टेक्निकल कॉलेज के रासेयो का सात दिनी विशेष शिविर शुरू
18-Dec-2023 8:40 PM
केआर टेक्निकल कॉलेज के रासेयो का सात दिनी विशेष शिविर शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 18 दिसंंबर। केआर टेक्निकल कॉलेज अंबिकापुर के राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर 17 से 23 दिसंबर तक ग्राम संजय नगर (कालीघाट), जिला सूरजपुर में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन डॉ एस.एन. पाण्डेय, कार्यक्रम समन्वयक रासेयो, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय अम्बिकापुर के मुख्य आतिथ्य और  अनंगपाल दीक्षित ब्यूरो चीफ, नईदुनिया समाचार पत्र, अम्बिकापुर, सरगुजा, प्रणय राज सिंह राणा ब्यूरो चीफ, पत्रिका समाचार पत्र, अम्बिकापुर, सरगुजा की मौजूदगी में  संपन्न हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के सलाहकार राहुल जैन और प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा उपस्थित थे।

 इस बार की शिविर का थीम - नशा मुक्त समाज के लिए युवा है। इस शिविर में लगभग 50 स्वयंसेवक, कार्यक्रम अधिकारी विनितेश गुप्त एवं समाज कार्य विभाग की सहायक प्राध्यापक  एलीस एंजिल तिर्की के साथ 7 दिनों तक शिविर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चलाने के साथ-साथ विभिन्न गतिविधि में शामिल होंगे। उद्घाटन कार्यक्रम के शुरुआत में स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित करने के पश्चात समस्त अतिथियों को राष्ट्रीय सेवा योजना का बैच लगाकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्य गीत गाया गया।

इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि 7 दिनों तक चलने वाले इस कैंप में महाविद्यालय के स्वयंसेवक राष्ट्रीय सेवा योजना के सिद्धान्त वाक्य को उद्देश्य बनाकर काम करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का सिद्धान्त वाक्य ‘मुझको नहीं तुमको’ का मतलब ग्रामीणों को समझाना है एवं इसे पालन करने के प्रति प्रेरित भी करना है।

उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से इतना अच्छा काम करें कि कैंप के समापन का कभी मन ही ना करें। उक्त शिविर में स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए डॉ. एस.एन. पाण्डेय ने कहा कि कार्यक्रम अधिकारी विनितेश गुप्त के नेतृत्व में महाविद्यालय 9वीं बार विशेष शिविर का आयोजन कर रहा है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त माध्यम है, साथ ही साथ स्वयंसेवकों के लिए शिविर एक प्रायोगिक कार्य है जिसको पूर्ण करके स्वयंसेवक अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकता है।


अन्य पोस्ट