सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 8 दिसंबर। सीतापुर विधानसभा के नव निर्वाचित भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो ने अनुविभाग स्तरीय अधिकारियों की बैठक से पूर्व क्षेत्र के पत्रकारों से सौजन्य भेंट कर सीतापुर विधानसभा में व्याप्त परेशानियों के विषय मे जानकारी ली। पत्रकारों से चर्चा के उपरांत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रवि राही नेतृत्व में अनुविभाग के अधिकारियों से बैठक के लिए चले गए।
रामकुमार टोप्पो के पत्रकारों से चर्चा को क्षेत्र की राजनीतिक, सामाजिक स्थिति जानकर बड़े निर्णय लेने के लिए होम वर्क के तौर पर देखा जा रहा है।
पत्रकारों ने बतौली में कृषि विभाग द्वारा कागजों में बनाये गए चेकडेम, बिलासपुर बतौली में आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में घोटाला, बेलकोटा स्थित वेयर हाउस की घटिया निर्माण, बिलासपुर में कागजों में बनाये गए गोठान, रीपा के अंतर्गत 2 करोड़ से निर्मित इंडस्ट्रियल पार्क में घोटाला,स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली की जानकारी दी।
रामकुमार टोप्पो ने बतौली के सभी गांव में शराब बिक्री कर रहे कोचियों पर तत्काल कार्रवाई की बात कही। सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की पदस्थापना, स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति के लिए विशेष प्रयास पर बल दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दशा सुधारने के लिए औचक निरीक्षण करने आमंत्रित किया गया।
पत्रकार अनिल उपाध्याय ने कहा कि सीतापुर का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफरल सेंटर बना दिया गया है। छोटी-छोटी बिमारियों पर भी अम्बिकापुर रेफर कर दिया जाता है। सभी पत्रकारों ने नगर पंचायत सीतापुर में फायर ब्रिगेड की आवश्यकता पर बल दिया।