सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 8 दिसंबर। संकल्प अस्पताल अम्बिकापुर में निशुल्क कैंसर रोग परामर्श शिविर 9 दिसंबर को आयोजित किया गया है।
शरीर में असामान्य रूप से कोशिकाओं का लगातार बढऩा कैंसर कहलाता है। अचानक वजन का बढऩा या घटना, त्वचा में रंग परिवर्तन, गांठ आदि कैंसर के कुछ प्रमुख लक्षण है। भारत में हर साल एक करोड़ 60 लाख से अधिक मामले रिपोर्ट किए जाते हैं। हमारे प्रदेश में भी छह तरह के कैंसर ज्यादा होते हैं, जिसमें फेफड़े का कैंसर, मुंह का कैंसर, पेट का कैंसर, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और कोलोरेक्टल कैंसर होते हैं। यदि इनको प्रारंभिक स्टेज में ही पहचान कर ली जाए तो निदान करना और कैंसर को हराकर मरीज को पूर्णत: स्वस्थ करना सरल होता है।
संकल्प हॉस्पिटल अंबिकापुर, संकल्प हेल्थ फाउंडेशन एवं एन एच एम एम आई नारायणा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में 9 दिसंबर दिन शनिवार को निशुल्क कैंसर रोग परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में नारायणा हॉस्पिटल के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. भरत भूषण खुर्से तथा डॉ. राजेंद्र पटेल तथा संकल्प हॉस्पिटल के डॉ. हिमांशु गुप्ता की नि:शुल्क सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
शिविर में कोई भी नागरिक सुबह 10 से शाम 4 बजे के बीच निशुल्क परामर्श ले सकते हैं। संकल्प हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. संजय गोयल ने आम जनता से अधिक से अधिक संख्या उपस्थित होकर शिविर में लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में भाग लेने की इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 95848 89068 में संपर्क कर सकते हैं। कैंसर से अपनी लड़ाई लड़ रहे मरीजों के लिए आयुष्मान भारत योजना का लाभ संकल्प हॉस्पिटल में उपलब्ध है।