सरगुजा
हवा के साथ बारिश होने से बढ़ी ठिठुरन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 दिसंबर। सरगुजा में चक्रवात मिचांग के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। मंगलवार को जहां सरगुजा के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के साथ घने बादल छाए रहे, वहीं बुधवार की सुबह से अंबिकापुर नगर सहित सरगुजा के कई क्षेत्रों में सुबह से बारिश होती रही।
हवा के साथ बारिश होने से लोगों ने काफी ठंड महसूस की और सुबह से ही लोग गर्म कपड़े व अलाव का सहारा लेते नजर आए। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई इलाकों में बीते दिनों से ही बारिश रुक-रुक कर हो रही है। इससे किसानों की समस्या भी बढ़ गई है।
सरगुजा के कई इलाकों में धान कटाई का काम चल रहा है। वहीं किसान धान खरीदी केंद्र में धान बेचने भी पहुंचे हैं,इससे उनको काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।वहीं धान खरीदी केंद्र में धान को बारिश से बचाने प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार, भीषण चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में हल्की मध्यम बारिश हो रही है। बीते दिनों मंगलवार को भी रुक-रुक कर बारिश हो रही थी। वहीं आज सुबह से ही सरगुजा में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के एक-दो स्थान में तेज हवा के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। रुक रुक कर बारिश होने से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
मौसम जानकार का कहना है कि 2 दिनों तक मौसम के ऐसे ही रहने की संभावना है, वहीं बादल छाए रहने के साथ ही बारिश होने से ठिठुरन बढऩे लगी है। सुबह के साथ ही लोग दोपहर में भी गर्म कपड़ों के साथ दिखाई दे रहे हैं।